इंस्पायर अवार्ड मानक योजना
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में हनुमानगढ़ के 205 विद्यार्थियों का चयन
हनुमानगढ़। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सत्र 2025–26 के लिए जारी चयन सूची में जिले के 205 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। ब्लॉकवार चयनित विद्यार्थियों में हनुमानगढ़ ब्लॉक 46 विद्यार्थियों के साथ प्रथम स्थान पर रहा। इसके अलावा भादरा से 27, नोहर से 33, पीलीबंगा से 34, रावतसर से 31, संगरिया से 14 तथा टिब्बी से 20 विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री अजय कुमार भार्गव ने बताया कि पंजीयन के मामले में भी हनुमानगढ़ जिला बीकानेर संभाग में प्रथम तथा राजस्थान में 5,839 नामांकन के साथ तीसरे स्थान पर रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) श्रेक जितेंद्र कुमार बटला ने चयनित विद्यार्थियों, विज्ञान शिक्षकों और संस्था प्रधानों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चयनित प्रत्येक विद्यार्थी को अपने ऑनलाइन प्रस्तुत किए गए आइडिया को मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए विभाग द्वारा 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। ये सभी विद्यार्थी जिला स्तरीय मॉडल प्रदर्शनी में भाग लेंगे, जहां से चयनित विद्यार्थी राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में हिस्सा लेंगे। अंतिम रूप से चयनित विद्यार्थियों को योजना के तहत जापान यात्रा का अवसर भी मिल सकता है।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के प्रति जिले के विद्यार्थियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। इस वर्ष जिला स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन सलेमगढ़ (टिब्बी) में किया गया था, जिसमें चयनित विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नागौर में भाग लिया। इनमें से दो विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। हाल ही में आठ विद्यार्थियों को मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमएनआईटी) जयपुर में प्रशिक्षण भी दिया गया है।
