जनगणना-2027
जनगणना-2027 के लिए फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शुरू
62 फील्ड ट्रेनर्स को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण
जनगणना-2027 में “स्व-गणना (सेल्फ इनुमेरेशन)” का विकल्प, नागरिक स्वयं भर सकेंगे विवरण
हनुमानगढ़। जनगणना-2027 के प्रथम चरण को लेकर जिले में तैयारिया तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार से हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में 62 फील्ड ट्रेनर्स के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया।
दो चरणों में होगा प्रशिक्षण
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहला चरण 16 से 18 अप्रैल, 2026 तक तथा दूसरा चरण 20 से 22 अप्रैल, 2026 तक चलेगा। प्रथम चरण में हनुमानगढ़, टिब्बी, गोलूवाला, पीलीबंगा एवं संगरिया क्षेत्र के 34 फील्ड ट्रेनर्स भाग ले रहे हैं, जबकि द्वितीय चरण में नोहर, भादरा, रावतसर एवं पल्लू क्षेत्र के 28 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
फील्ड स्तर पर दक्षता बढ़ाने पर जोर
आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की उपनिदेशक एवं उपजिला गणना अधिकारी श्रीमती ममता बिश्नोई ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम फील्ड स्तर पर कार्यरत कार्मिकों को दक्ष बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है, ताकि जनगणना कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न किया जा सके।
Lमास्टर ट्रेनर्स ने दी विस्तृत जानकारी
प्रशिक्षण के प्रथम दिन मास्टर ट्रेनर्स श्री अशोक गोदारा एवं श्री राय साहब द्वारा पीपीटी के माध्यम से जनगणना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को फील्ड में कार्य करने के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया गया।
नागरिक स्वयं भर सकेंगे विवरण
जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना —2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य 1 मई से 15 जून, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस बार जनगणना प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल के रूप में “स्व-गणना (सेल्फ इनुमेरेशन)” का विकल्प भी शामिल किया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपनी जनगणना विवरणी भर सकेंगे।
इस प्रक्रिया के तहत निवासी अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in पर दर्ज कर सकते हैं। यह पोर्टल 1 मई, 2026 से 15 मई, 2026 तक, प्रगणक के घर-घर सर्वे से 15 दिन पूर्व सक्रिय रहेगा। पूरी प्रक्रिया लगभग 15 से 20 मिनट में पूर्ण हो जाती है तथा सफल सबमिशन के बाद “H” से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट SE ID जारी की जाती है।
पंजीकरण एवं प्रक्रिया: सरल चरणों में पूरी होगी स्व-गणना
स्व-गणना के लिए नागरिकों को पोर्टल पर राज्य का चयन कर कैप्चा भरते हुए लॉगिन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर (प्रति परिवार एक) और वैकल्पिक ईमेल दर्ज करना अनिवार्य होगा। भाषा चयन के बाद ओटीपी सत्यापन किया जाएगा। आगे की प्रक्रिया में नागरिकों को अपने निवास का विवरण भरते हुए डिजिटल मानचित्र पर घर का सटीक स्थान चिन्हित करना होगा। इसके पश्चात निर्धारित प्रश्नावली भरकर “Preview” के माध्यम से जानकारी की जांच की जा सकती है तथा अंतिम रूप से “Confirm & Submit” करने पर डेटा लॉक हो जाएगा।
सत्यापन एवं सावधानिया: SE ID सुरक्षित रखना आवश्यक
अंतिम सबमिशन के पश्चात प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखना अनिवार्य है, जिसे एसएमएस अथवा ईमेल के माध्यम से भी प्राप्त किया जा सकता है। जनगणना प्रगणक के घर आने पर नागरिकों को यह SE ID प्रस्तुत करनी होगी, जिससे डेटा का सत्यापन किया जाएगा। यदि SE ID का मिलान नहीं होता है, तो प्रगणक द्वारा पुनः जानकारी एकत्र की जाएगी। निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व जानकारी सबमिट करना आवश्यक है, अन्यथा स्व-गणना पूर्ण नहीं मानी जाएगी।
