पिता की स्मृति में पुत्र ने विद्यालय में कक्षा कक्ष का किया शिलान्यास
ख़ाराखेड़ा सरकारी स्कूल में एक भामाशाह परिवार ने कक्षा कक्ष की रखी नींव
टिब्बी। ब्लॉक की ग्रामपंचायत खाराखेड़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में सोमवार को एक भामाशाह परिवार ने एक कक्षा कक्ष के नवनिर्माण के लिए विधिवत पूजा अर्चना के साथ नींव रखी। जानकारी के अनुसार खाराखेड़ा के ही स्वर्गीय धर्मपाल खोथ की स्मृति में उनकी पत्नी रामी देवी व पुत्र संदीप खोथ(अध्यापक), पुत्र वधु माया रानी, अजंत, ऋदिमा सहित परिवार जनों ने कक्षा कक्ष के नवनिर्माण के लिए नींव का पत्थर रखा। इस अवसर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश अरोड़ा, प्राचार्य विजय सिंह गोदारा, उपप्राचार्य भजन लाल सहारण ने परिवारजनों का आभार व्यक्त किया। और कहा कि ये शिक्षा के मंदिर में दिया गया दान आने वाली पीढ़ियां याद करेगी। ये नवनिर्माण विद्यालय में कक्षा कक्ष की कमी को पूरा करने में भी सहायक होगा। इस मौके पर विद्यालय का समस्त स्टाफ सदस्यगण मौजूद रहे।
