महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर किया याद
महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित
हनुमानगढ़। जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित सावित्री बाई फुले राजकीय महिला छात्रावास में महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
जिला कलेक्टर बोले—महिला शिक्षा में फुले के विचार आज भी प्रासंगिक
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने लगभग 200 वर्ष पूर्व स्त्री शिक्षा और सामाजिक सुधार के लिए जो कार्य किए, वे आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में महिला शिक्षा का विस्तार हुआ है और समाज में जागरूकता बढ़ी है, जो फुले के विचारों की ही परिणति है। उन्होंने सभी से उनके विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
अतिथियों ने समानता व शिक्षा पर दिया जोर
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि श्री कैलाश मेघवाल ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज को समानता और सामाजिक न्याय का मार्ग दिखाया, जो आज भी अत्यंत प्रासंगिक है। जनप्रतिनिधि श्री प्रमोद डेलू एवं श्री अमित सहू ने कहा कि महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले द्वारा शुरू की गई स्त्री शिक्षा और समानता की अलख आज साकार होती नजर आ रही है। शिक्षक श्री हरजिन्द्र सिंह ने महात्मा फुले के जीवन पर विस्तृत प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान छात्रावास की छात्राओं ने महात्मा फुले के जीवन पर आधारित संस्मरण एवं कविताएं प्रस्तुत कीं।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री ओ.पी. बिश्नोई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री पन्नालाल कड़ेला, जनप्रतिनिधि डॉ. भारत भूषण शर्मा, श्री देवेंद्र पारीक, श्रीमती गुलाब सिंवर, श्री कृष्ण तायल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री विक्रम सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।





