ब्लॉक स्तरीय मेघा रत्न सम्मान समारोह
प्रवेशोत्सव अभियान में टिब्बी ब्लॉक की अभिनव पहल
मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय मेघा रत्न सम्मान समारोह
राजकीय विद्यालयों की प्रतिभाएं, संस्था प्रधान व विषयाध्यापक होंगे सम्मानित
टिब्बी। शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे प्रवेशोत्सव अभियान 2026-27 में ब्लॉक स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में एक अभिनव पहल के तहत मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय मेघा रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम पंचायत समिति के समीप स्थित अंबेडकर भवन में मंगलवार को सुबह सवा नौ बजे शुरू होगा। ब्लॉक के राजकीय विद्यालयों में सत्र 2025-26 बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली प्रतिभाओं, शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले संस्था प्रधान एवं विषयाध्यापक सहित 81 जनों का सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भामाशाह श्री रघुवीर सिंह चाहर, विशिष्ट अतिथि एसडीएम श्री सत्यनारायण सुथार, तहसीलदार श्री हरीश कुमार टाक, सीडीईओ श्री पन्नालाल कड़ेला, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक श्री जितेंद्र बठला, एडीईओ अजय कुमार भार्गव, रणवीर सहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री राजेश कुमार अरोड़ा करेंगे। उन्होंने बताया कि टिब्बी में पहली बार ब्लॉक स्तरीय मेघा रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान कक्षा 10 वीं व 12 वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने वाली 50 प्रतिभाएं, शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले 20 संस्था प्रधान एवं विषय में शत प्रतिशत अंक दिलाने वाले 11 विषयाध्यापक सम्मानित होंगे।
खास बात ये है कि प्रतिभाओं को प्रेरित करने के लिए ब्लॉक स्तर पर ये एक अभिनव पहल है। यह पहल शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने, विद्यार्थियों और शिक्षकों को प्रोत्साहित करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पहचान देने के उद्देश्य से की जा रही है। स्थानीय स्तर पर इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है।
