मानस अभियान में ब्लॉक स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता
मानस खेल अभियान 2.0 में ब्लॉक स्तरीय कबड्डी खेल प्रतियोगिता
19 टीम के 202 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पुरुष वर्ग में सिलवाला और महिला वर्ग में टिब्बी की टीम बनी विजेता
टिब्बी। जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ द्वारा जिले में नशे की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे 'मानस अभियान 2.0' के अंतर्गत त्रि स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के तहत अप्रैल माह के खेल कब्बड्डी में शनिवार को ब्लॉक स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता ब्लॉक की ग्राम पंचायत सलेमगढ़ मसानी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सम्पन्न हुई। ब्लॉक स्तरीय कबड्डी खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार अरोड़ा और विशिष्ट अतिथि सरपंच प्रतिनिधि बलकरण सिंह ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य शिव कुमार बिश्नोई ने की। जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता में कुल ब्लॉक की 19 टीमों के 202 खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिसमें से 161 पुरुष और 41 महिला खिलाड़ियों ने खेल मैदान में दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर अतिथिगणों ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और स्टाफ सदस्यों को नशे की रोकथाम हेतु शपथ दिलाई और खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ अनुशासन में खेलने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के सभी रोमांचक मैच खेले गए। महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में एमजीजीएस टिब्बी ने राबाउमावि टिब्बी को पराजित कर विजेता रही। तृतीय स्थान के लिए हुए मैच में राउमावि सिलवाला खुर्द ने केजीबीवी टिब्बी की बालिकाओं को पराजित किया। वही पुरुष वर्ग के फाइनल में राउमावि सिलवाला खुर्द ने राउमावि पन्नीवाली को पराजित कर विजेता रही। तृतीय स्थान के लिए हुए मुकाबले में राउमावि सलेमगढ ने राउमावि सालीवाला को पराजित किया।
आयोजन के दौरान सभी खिलाड़ियों के लिए भोजन आदि की व्यवस्था गुरुद्वारा साहिब प्रबंधक कमेटी द्वारा की गई। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से विजेता टीमों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक चरणजीत सिंह, लखवीर सिंह, गुरविन्द्र सिंह, जसपाल सिंह, रफीक खान, सुखदेव सिंह, हरजिन्द्र सिंह सहित निर्णायक मंडल के सदस्य और प्रशिक्षक मौजूद रहे।
