ज्ञान भारतम् मिशन
'ज्ञान भारतम् मिशन’ के तहत पांडुलिपि सर्वे शुरू,
संग्रहकर्ताओं से जानकारी देने की अपील
हनुमानगढ़। राज्य सरकार के कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग द्वारा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के तहत पांडुलिपि परियोजना “ज्ञान भारतम् मिशन” के अंतर्गत जिले में पांडुलिपियों के सर्वेक्षण का कार्य प्रारंभ किया गया है। इस पहल का उद्देश्य देश की प्राचीन पांडुलिपि विरासत को संरक्षित कर डिजिटल माध्यम से वैश्विक स्तर तक पहुंचाना है।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला नोडल अधिकारी श्री पन्नालाल कड़ेला ने बताया कि शैक्षणिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, मंदिरों, मठों, संग्रहालयों, पुस्तकालयों तथा निजी संग्रहकर्ताओं के पास उपलब्ध विभिन्न विषयों की पांडुलिपियों का सर्वे किया जा रहा है। इन पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण कर उन्हें सुरक्षित रखने और व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
उन्होंने अपील की है कि जिन संस्थानों या व्यक्तियों के पास प्राचीन पांडुलिपियां उपलब्ध हैं, वे जिला कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम (फोन: 01552-260299, कक्ष संख्या 230) या मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, संगरिया रोड (मो. 9828635775) में संपर्क करें। इससे पांडुलिपियों को “ज्ञान भारतम् मिशन” के तहत सुरक्षित और संरक्षित किया जा सकेगा।
