कृषि उपज मण्डियों का आधारभूत ढांचा होगा सुदृढ़
कृषि उपज मण्डी समितियों में होंगे 40 करोड़ 63 लाख रुपये से विभिन्न विकास कार्य की स्वीकृति
781 किसान विश्राम स्थलों के लिए 46 करोड़ 86 लाख की मंजूरी
अन्नदाता और व्यापारियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
हनुमानगढ़। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य की कृषि उपज मण्डी समितियों के उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कृषि उपज मण्डी समितियों में 40 करोड़ 63 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है।
श्री शर्मा की इस स्वीकृति से विभिन्न जिलों की कृषि उपज मण्डी समितियों सहित भादरा (हनुमानगढ़), टिब्बी (हनुमानगढ़), गोलूवाला (हनुमानगढ़) के निर्माण, विद्युत संबंधी एवं सम्पर्क सड़कों के निर्माण कार्य करवाए जाएंगे। इससे कृषि उपज मण्डियों का आधारभूत ढांचा सुदृढ़ होगा और अन्नदाता एवं व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इसी प्रकार श्री शर्मा ने आमजन एवं किसानों की सुविधाओं के दृष्टिगत मण्डियों में किसान विश्राम स्थलों के निर्माण की अभिनव पहल भी की है। इस पहल के अनुरूप प्रथम चरण में प्रदेश की विभिन्न 116 मण्डियों के अंतर्गत 46 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से 781 किसान विश्राम स्थलों का निर्माण कराया जाएगा। जिससे वर्षा, गर्मी एवं सर्दी के मौसम में किसानों को सहूलियत होगी। -----------
