मिड-डे मील की गुणवत्ता को परखा
मिड-डे मील की गुणवत्ता जांचने जिला कलेक्टर पहुंचे स्कूल
भोजन चखकर गुणवत्ता को परखा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
हनुमानगढ़। मिड-डे मील योजना, खाद्यान्न वितरण एवं पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के तहत शुक्रवार को जिलेभर में अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मक्कासर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने मिड-डे मील योजना के अंतर्गत तैयार भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता का आकलन किया। उन्होंने स्कूल परिसर में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और रसोई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कार्यरत कार्मिकों से व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लिया।
जिला कलेक्टर ने कक्षाओं का भी निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया और शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिड-डे मील की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण स्तर में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए तथा योजनाओं का लाभ बच्चों तक प्रभावी रूप से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।



