खिनानिया के राजेंद्र सिंह चौधरी बने ADRM नियुक्त
हनुमानगढ़ के लिए गौरव: खिनानिया के राजेंद्र सिंह चौधरी बने बीकानेर के नए अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM)
हनुमानगढ़। जिले के टिब्बी ब्लॉक के गांव खिनानिया के मूल निवासी राजेंद्र सिंह चौधरी को उत्तर पश्चिम रेलवे में अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) बीकानेर के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है। क्षेत्र के लिए इस नियुक्ति को रेलवे प्रशासन में एक बड़ी और विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रेलवे बोर्ड के निदेशक स्थापना (स्पेशल) सी. के. विनोद द्वारा उनकी नियुक्ति के आधिकारिक आदेश जारी किए गए हैं। राजेंद्र सिंह चौधरी इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (IRSEE) के एक बेहद वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारी हैं। वे जल्द ही बीकानेर में वर्तमान एडीआरएम रूपेश कुमार का स्थान ग्रहण कर अपना नया पदभार संभालेंगे। वर्तमान में वे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) में प्रतिनियुक्ति पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
राजेंद्र सिंह चौधरी की इस उच्च पद पर नियुक्ति की खबर मिलते ही समूचे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। जेडआरयूसीसी के पूर्व सदस्य भीम शर्मा ने इस नियुक्ति पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी की यह शानदार उपलब्धि पूरे हनुमानगढ़ जिले और विशेषकर उनके पैतृक गांव खिनानिया के लिए एक बड़े गौरव का विषय है।
