दिव्यांग सेवा आपके द्वार
“दिव्यांग सेवा आपके द्वार” मिशन के तहत असहाय दिव्यांग को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
हनुमानगढ़। उपखंड अधिकारी मांगीलाल सुथार एवं पंचायत समिति विकास अधिकारी रामेश्वर लाल सुथार के मार्गदर्शन में “नरसेवा ही नारायण सेवा” की भावना को साकार करते हुए मंगलवार को “दिव्यांग सेवा आपके द्वार” मिशन के तहत मानवता की अनूठी मिसाल पेश की गई। स्थानीय प्रशासन के सहयोग से दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति द्वारा अराईयांवाली निवासी एक असहाय दिव्यांग के घर पहुंचकर उसे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 13 अराईयांवाली निवासी 39 वर्षीय ओमप्रकाश नायक पिछले लगभग एक वर्ष तीन माह से गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। रीढ़ की हड्डी के नीचे गांठ होने के कारण उन्होंने हनुमानगढ़, गंगानगर, बीकानेर एवं जयपुर सहित कई स्थानों पर उपचार करवाया, लेकिन स्वास्थ्य में पूर्ण सुधार नहीं होने से वे दोनों पैरों से चलने-फिरने में असमर्थ हो गए और चारपाई पर जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
हरबंस लाल सहारण एवं उनकी टीम ने दिव्यांग की स्थिति को देखते हुए आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर एक सप्ताह की लगातार मेहनत के बाद मंगलवार को उनके निवास पर पहुंचकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन की मेडिकल टीम के सहयोग से दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड बनवाया। इसके साथ ही हनुमानगढ़ तहसील एवं पंचायत समिति के सहयोग से दिव्यांग सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से पालनहार योजना एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड की स्वीकृति मौके पर ही दिलवाई गई।
सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने पर दिव्यांग ओमप्रकाश एवं उनके परिवार के सदस्यों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। परिवार ने राजस्थान सरकार, स्थानीय प्रशासन एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण का आभार व्यक्त किया।
हरबंस लाल सहारण ने बताया कि ओमप्रकाश को दिव्यांग सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत प्रतिमाह 1450 रुपये तथा उनके दो बच्चों को पालनहार योजना के अंतर्गत 1500-1500 रुपये की सहायता मिलेगी। इस प्रकार परिवार को कुल 4450 रुपये प्रतिमाह की सरकारी सहायता प्राप्त होगी, जिससे बच्चों के पालन-पोषण एवं उपचार संबंधी खर्चों में मदद मिलेगी।
इसके अतिरिक्त समिति द्वारा सोमवार को जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन में उप-नियंत्रक डॉक्टर अशोक कुमार जांगिड़ एवं मेडिकल बोर्ड टीम की मौजूदगी में विभिन्न श्रेणी के दिव्यांगों की आवश्यक जांच कराते हुए आठ दिव्यांगों को मेडिकल प्रमाण-पत्र का लाभ दिलवाया।
हनुमानगढ़ तहसीलदार हरिश सहारण, जिला चिकित्सालय प्रमुख चिकित्सा अधिकारी शंकरलाल सोनी एवं पीलीबंगा समाजसेवी पार्षद गंगाराम खटीक ने समिति अध्यक्ष हरबंस लाल सहारण एवं उनकी टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर दिव्यांगों की निस्वार्थ सेवा किए जाने को सराहनीय बताया।
इस पुनीत कार्य में रोगी मित्र नरेंद्रसिंह राजपूत कोहला, ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी महावीर प्रसाद, कनिष्ठ सहायक देवेंद्र जोशी, रामनिवास, ग्राम विकास अधिकारी विक्रम बिश्नोई, युवा समाजसेवी राकेश कुमार नायक, ई-मित्र संचालक बंसत कुमार, दिव्यांग हेमंत शाक्य, कालूराम मोरवाल सहित कई लोगों का सराहनीय योगदान रहा।

