News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

एसपी द्वारा जनसुनवाई में मानवता की एक अनूठी मिसाल

एसपी द्वारा जनसुनवाई में मानवता की एक अनूठी मिसाल

बुजुर्गों के सम्मान में आगे आए एसपी: 

सीढ़ियां नहीं चढ़ सके 100 वर्षीय वृद्ध, तो खुद नीचे आकर सुनी फरियाद

हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आज संवेदनशीलता और मानवता की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। हनुमानगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सिंह मीना ने पद की गरिमा के साथ-साथ मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देते हुए दो ऐसे बुजुर्ग परिवादियों की सुनवाई की, जो शारीरिक अशक्तता के कारण कार्यालय की सीढ़ियां चढ़ने में असमर्थ थे। जैसे ही एसपी श्री मीना को सूचना मिली कि दो वृद्ध व्यक्ति अपनी पीड़ा लेकर आए हैं और ऊपर आने की स्थिति में नहीं हैं, वे तुरंत अपने कक्ष से निकलकर नीचे आए। वहां बैठकर उन्होंने दोनों बुजुर्गों की समस्याओं को बड़े ही आत्मीय भाव से सुना।

भावुक हुए बुजुर्ग, एसपी ने बंधाया ढांढस

सुनवाई के दौरान जब 100 वर्षीय बुजुर्ग अपनी आपबीती सुना रहे थे, तो अपनी पीड़ा बताते-बताते उनका गला भर आया और वे भावुक हो गए। बुजुर्ग की ऐसी हालत देख एसपी श्री मीना ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत उन्हें पानी पिलाने के निर्देश दिए और बड़े ही सौम्य व्यवहार के साथ उन्हें ढांढस बंधाया। कार्यालय परिसर में एक अधिकारी का यह अपनत्व भरा व्यवहार देख वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।

केस 1: 100 वर्षीय वृद्ध से पोते ने की मारपीट

पीलीबंगा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 1, कालीबंगा निवासी 100 वर्षीय बुजुर्ग महेन्द्र सिंह ने बताया कि उनकी कृषि भूमि चक 44 SSW बहलोलनगर में स्थित है। प्रार्थी का आरोप है कि उनका पोता गुरप्यार उर्फ गोरा उस जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहता है। इसी विवाद के चलते आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें कमरे में बंद कर भूखा भी रखा। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी पीलीबंगा को तुरंत जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

केस 2: बीमार माता-पिता को बेटा कर रहा परेशान

दूसरे मामले में टिब्बी तहसील के मिर्जावाली निवासी राम सिंह पुत्र सादुल सिंह ने अपनी शिकायत पेश की। राम सिंह और उनकी पत्नी दोनों वृद्ध और बीमार रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र बलवीर उन्हें जमीन के लिए लगातार तंग-परेशान कर रहा है और उन्हें बेदखल करने की कोशिश कर रहा है। इस पर श्री नरेंद्र सिंह मीना ने थानाधिकारी पुलिस थाना तलवाड़ा को तत्काल जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में दिखी मानवीय संवेदना

एसपी श्री नरेंद्र सिंह मीना के इस मानवीय दृष्टिकोण और बुजुर्गों के प्रति उनके सम्मानजनक व्यवहार की पूरे जिले में सराहना हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन बुजुर्गों और असहाय लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर है।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.