बाल गहन चिकित्सा इकाई का शुभारंभ
एमजीएम जिला चिकित्सालय में 12 बेड के पीडिया आईसीयू का शुभारंभ
गंभीर रूप से बीमार बच्चों को मिलेगी बेहतर उपचार सुविधा
हनुमानगढ़। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव (आईएएस) के निर्देशानुसार एमजीएम राजकीय जिला चिकित्सालय, हनुमानगढ़ में 12 बेड क्षमता वाले पीडिया आईसीयू (बाल गहन चिकित्सा इकाई) का शुभारंभ किया गया है। नई सुविधा के तहत 4 बेड अत्याधुनिक वेंटिलेटर सुविधा से युक्त तथा 8 बेड ऑक्सीजन सपोर्ट सुविधा के साथ स्थापित किए गए हैं।
पीएमओ डॉ. शंकर सोनी ने बताया कि इस नई व्यवस्था से गंभीर बीमारियों से ग्रसित बच्चों को जिले में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। अब तक पीडिया आईसीयू की आवश्यकता वाले बाल रोगियों को उपचार हेतु उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करना पड़ता था, जिससे मरीजों एवं परिजनों को असुविधा का सामना करना पड़ता था।
पीडिया आईसीयू के संचालन हेतु डॉ. सुमेश खीचड़ को चिकित्सक प्रभारी तथा डॉ. रविन्द्र गुप्ता, नर्सिंग अधिकारी को नर्सिंग प्रभारी नियुक्त किया गया है। साथ ही रेजिडेंट चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की चौबीसों घंटे (राउंड द क्लॉक) ड्यूटी लगाई गई है, ताकि मरीजों को निरंतर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, बीकानेर के संयुक्त निदेशक डॉ. देवेन्द्र चौधरी के 21 मई 2026 के आदेशानुसार अन्य चिकित्सा संस्थानों से 4 वेंटिलेटर तथा 1 डिफिब्रिलेटर विद कार्डियक मॉनिटर उपलब्ध करवाया गया है, जिससे पीडिया आईसीयू की उपचार क्षमता और अधिक सुदृढ़ हुई है। इसके साथ ही एमजीएम राजकीय जिला चिकित्सालय की सेंट्रल लैब में भी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। अब मरीजों के सैंपल संग्रहण के तुरंत बाद जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए प्रति घंटे के बैच के आधार पर जांच रिपोर्ट जारी करने की व्यवस्था लागू की गई है।
डॉ. शंकर सोनी ने बताया कि मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सैंपल संग्रहण स्थल एवं रिपोर्ट वितरण केंद्र पर बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियां, पंखे, कूलर तथा छायादार हरी चादरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग द्वारा किए गए इन प्रयासों से जिले के मरीजों को बेहतर, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
