बारदाना वितरण को लेकर विवाद
बारदाना वितरण को लेकर टाउन मंडी में विवाद को लेकर मंडी सचिव ने मांगा स्पष्टीकरण, जांच के लिए गोदाम सील
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ टाउन मंडी में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के बीच बारदाना वितरण को लेकर विवाद के संबंध में मंडी सचिव श्री सी.एल. वर्मा ने बताया कि श्रीगंगानगर से व्यापारियों के लिए दो ट्रकों में बारदाना भेजा गया था, जो मंगलवार रात करीब 8 से 8:30 बजे मंडी पहुंचा। दोनों ट्रकों में 25-25 हजार कट्टे लदे हुए थे।
एफसीआई की ओर से एचटीए श्री गगन सोढा ने बताया कि देर रात होने के कारण ट्रकों को खड़ा कर दिया गया था, ताकि अगले दिन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बारदाने का आनुपातिक वितरण किया जा सके। आरोप है कि इसी दौरान फूडग्रेन अध्यक्ष श्री रामलाल किरोड़ीवाल के पुत्र रजत किरोड़ीवाल एवं एक व्यापारी द्वारा एक ट्रक का बारदाना मैसर्स साई ब्रादर्स के गोदाम में उतरवा लिया गया। अधिकारियों के मौके पर पहुंचने से पहले एक पिकअप बारदाना अन्य स्थान पर भेजे जाने की भी बात सामने आई है।
मामले की जानकारी मिलने पर व्यापारियों में नाराजगी फैल गई, जिसके बाद शिकायत के निस्तारण के लिए जांच दल गठित किया गया। जांच दल में मंडी सचिव श्रीमती विनीता लोहमरोड़, एफसीआई खरीद प्रभारी श्री परविंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी सचिव ने संबंधित गोदाम को सील कर दिया, ताकि बारदाना हटाया न जा सके। जांच दल ने मौके पर अधिकारियों, व्यापारियों और किसानों से पूछताछ की। साथ ही मैसर्स साई ब्रादर्स फर्म को लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश जारी किए गए हैं। मंडी प्रशासन ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


