News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मानकों की प्रभावी पालना के निर्देश

अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मानकों की प्रभावी पालना के निर्देश

अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश, सात दिवस में अनुपालना रिपोर्ट मांगी

हनुमानगढ़। जिले के सभी सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों में अग्नि सुरक्षा मानकों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी हनुमानगढ़ डॉ. नवनीत शर्मा द्वारा आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। यह कार्रवाई माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर के आदेशों तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशों की अनुपालना में की जा रही है।

सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि 20 बेड अथवा उससे अधिक क्षमता वाले सभी चिकित्सालयों को नियमानुसार अग्निशमन उपकरण स्थापित करने, फायर फाइटिंग सिस्टम को सुचारू एवं कार्यशील बनाए रखने तथा सक्षम प्राधिकारी से फायर एनओसी प्राप्त कर उसका समय-समय पर नवीनीकरण करवाना सुनिश्चित करना होगा। अस्पताल प्रबंधन को संस्थान में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक अग्निशमन उपकरणों एवं फायर फाइटिंग सिस्टम की सम्पूर्ण जानकारी रखने वाले कम से कम दो प्रशिक्षित कार्मिकों की नियुक्ति भी करनी होगी।

डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि सभी चिकित्सालयों को अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता बनाए रखने, ऑक्सीजन पाइपलाइन एवं सिलेंडरों के सुरक्षित उपयोग एवं रखरखाव, विद्युत सुरक्षा मानकों की पालना, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की समुचित व्यवस्था, स्टाफ को अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण तथा सुरक्षा मानकों से संबंधित अभिलेख एवं दस्तावेज निरीक्षण हेतु उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों को उपरोक्त निर्देशों की बिंदुवार अनुपालना रिपोर्ट सात दिवस के भीतर प्रोफोर्मा भरकर सीएमएचओ कार्यालय में कमरा नम्बर 21 (डीआरए शाखा) में जमा करवानी होगी ताकि आवश्यक सूचना माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत की जा सके।

डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अस्पताल प्रबंधनों से जनहित एवं मरीजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.