समाज सेवा शिविर से सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसेवा की भावना हुई विकसित
समाज सेवा शिविर सातवें दिन भी जारी, विद्यार्थियों ने जल संरक्षण व स्वच्छता का दिया संदेश
वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत गांवों में निकाली जागरूकता रैली
टिब्बी। राजकीय विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश के दौरान कक्षा 11 उत्तीर्ण विद्यार्थियों को समाज से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित समाज सेवा शिविर सातवें दिन भी उत्साहपूर्वक जारी रहे। विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता संबंधी अनेक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
स्वास्थ्य जागरूकता
ग्राम पंचायत श्योदानपूरा में वरिष्ठ अध्यापक एवं शिविर प्रभारी मोनिका कुमारी के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने राजकीय आयुर्वेद औषधालय का भ्रमण किया। इस दौरान चिकित्सा कर्मियों से आयुर्वेदिक गतिविधियों एवं औषधियों की जानकारी प्राप्त कर आमजन को जागरूक करने का अभियान चलाया गया।
जल एवं पर्यावरण संरक्षण
राजकीय विद्यालय डबली खुर्द में शिविर प्रभारी अमित के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों द्वारा वॉटर टैंक की सफाई कर जल संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं तलवाड़ा झील में पर्यावरण संरक्षण एवं विद्यालय स्वच्छता से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया गया। राजकीय विद्यालय मसीतावाली, सलेमगढ़, सालीवाला, बेहरवाला कला, सिलवाला खुर्द तथा महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय पांच केएचआर में शिविर प्रभारी किशन लाल के निर्देशन में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
![]() |
रचनात्मक अभ्यास
पीएम श्री विद्यालय मेहरवाला वाला में शिविर प्रभारी साहब राम द्वारा विद्यार्थियों को रचनात्मक एवं सृजनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत पेंटिंग एवं लेखन का अभ्यास करवाया गया।
सामूहिक सहभागिता
तलवाड़ा में शिविर प्रभारी भादर सिंह, सलेमगढ़ में गुरविंदर कौर तथा सालीवाला में ज्योति गुप्ता के नेतृत्व में विद्यार्थियों द्वारा खीर बनाकर अल्पाहार कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जागरूकता रैली से दिया संदेश
डबली कला में शिविर प्रभारी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने “वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु गांव में रैली निकालकर जल बचाने का संदेश दिया।
बेहरवाला कला में वरिष्ठ अध्यापक एवं शिविर प्रभारी रामप्रताप के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने विद्यालय के स्टोर एवं अन्य कक्षों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। वहीं गुड़िया एवं खिनानिया शिविरों में भी विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। समाज सेवा शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण एवं जनसेवा की भावना विकसित हो रही है।







