पुलिसकर्मियों का सम्मान
जिला पुलिस प्रशासन द्वारा प्रोत्साहन देने की पहल
उत्कृष्ट व सराहनीय कार्य करने वाले 7 पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सिंह मीणा ने पुलिस विभाग में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने हेतु माह अप्रैल 2026 के लिए जिले के विभिन्न पुलिस थानों एवं शाखाओं में कार्यरत 07 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
इन पुलिसकर्मियों द्वारा अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लगन, मेहनत एवं निष्ठापूर्वक कर्तव्य पालन करते हुए अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, अनुसंधान, मॉनिटरिंग एवं जनजागरूकता संबंधी कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक कार्मिक को ₹501 नकद ईनाम एवं प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन के कांस्टेबल श्री सर्वजीत , थाना गोलूवाला के कांस्टेबल श्री विक्रमजीत, थाना भिरानी के कांस्टेबल श्री संदीप कुमार, थाना गोगामेड़ी के कांस्टेबल श्री रोहिताश, यातायात शाखा हनुमानगढ़ के कांस्टेबल श्री सुरेश कुमार, कार्यालय हाजा के कांस्टेबल श्री राकेश कुमार तथा महिला सैल कार्यालय हाजा के कांस्टेबल श्री मोहन सिंह शामिल रहे।
जिला पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में कर्तव्यनिष्ठ एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को समय-समय पर प्रोत्साहित किया जाता रहेगा, जिससे अन्य कार्मिकों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिले।
