हनुमानगढ़ जिला अस्पताल की मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी की बैठक
आरएमआरएस बैठक में 1.50 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी, जिला चिकित्सालय में बढ़ेंगी सुविधाए
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी की बैठक
पीडिया आईसीयू, वातानुकूलित वार्ड, नए उपकरण, सोनोग्राफी एवं आधुनिक सुविधाओं को मिली स्वीकृति
हनुमानगढ़। राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) महात्मा गांधी मेमोरियल राजकीय जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ की बैठक बुधवार को जिला कलक्टर एवं आरएमआरएस अध्यक्ष डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. शंकरलाल सोनी सहित विभिन्न पदाधिकारियों ने भाग लिया। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव द्वारा कुल 1 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई।
एमसीएच विंग एवं आईसीयू सुविधाओं का होगा विस्तार
बैठक में एमसीएच विंग में पीडिया आईसीयू, एचडीयू, एमएनसीयू एवं सिजेरियन वार्ड में वातानुकूलित डक्टिंग सिस्टम लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इससे लगभग 110 बेड पर भर्ती मरीजों को वातानुकूलित सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा नवनिर्मित मेडिसिन स्टोर एवं एडमिन ब्लॉक को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए फर्नीचर खरीदने तथा पीडिया आईसीयू, एचडीयू, रामाश्रय वार्ड एवं आईसीयू के लिए 20 मल्टीपैरा मॉनिटर खरीदने के प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए।
नई सेवाए और आधुनिक उपकरण होंगे उपलब्ध
बैठक में एक ऑडियोमेट्रिशियन को संविदा पर नियुक्त करने, 02 नए पंजीकरण काउंटर एवं 01 अतिरिक्त डीडीसी प्रारंभ करने तथा आईपीएचएल लैब एवं एमसीएच तृतीय तल के लिए 03 अतिरिक्त गार्ड लगाने का निर्णय लिया गया। साथ ही ईएनटी एवं नेत्र विभाग के लिए उपकरण खरीदने तथा सर्जरी एवं गायनी विभाग की ओटी में लेप्रोस्कोपी हैंड उपकरण खरीदने के प्रस्ताव भी पारित किए गए।
मरीजों की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर।
मरीजों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वेटिंग एरिया में बैंच, 55 इंच एलईडी, माइक एवं स्पीकर सिस्टम लगाने, साइनज कार्य, ट्रॉली रिपेयर, फर्नीचर एवं रंग-रोगन करवाने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त चिकित्सालय में 03 आरओ लगाने, 03 किरलोस्कर जनरेटर एवं ब्लू स्टार डक्ट सिस्टम की एएमसी करवाने तथा ओपीडी चैंबर्स में चरणबद्ध तरीके से एसी लगाने के प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए।
सोनोग्राफी, स्वच्छता एवं फूड कोर्ट की कार्ययोजना तैयार होगी
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने गर्भवती महिलाओं के अतिरिक्त अन्य मरीजों के लिए भी सोनोग्राफी सुविधा प्रारंभ करने हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही महत्वपूर्ण उपकरणों की खरीद, रिपेयर एवं एएमसी की रिपोर्ट तैयार करने, अनुपयोगी उपकरणों को पुनः उपयोग में लेने, नकारा सामान के निस्तारण, फूड कोर्ट एवं फूड कियोस्क स्थापित करने तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आधुनिक शौचालय निर्माण की कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए।


