वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत सीएसआर कार्यशाला आयोजित, उद्यमियों से जल संरक्षण में भागीदारी का आह्वान
जिला कलक्टर श्री खुशाल यादव की अध्यक्षता में हुआ संवाद कार्यक्रम
हनुमानगढ़। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के अंतर्गत बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में सीएसआर कार्यशाला एवं उद्यमियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यशाला में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों, उद्यमियों एवं कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान और ग्रीन ऑफिस पहल की दी जानकारी
कार्यशाला में अधीक्षण अभियंता वाटरशेड श्री महेंद्र सिंह द्वारा एमजेएसए 2.2 एवं 2.3 योजनाओं के संबंध में पीपीटी के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान उद्यमियों एवं कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों को गैप फंडिंग के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जल उपयोग अंकेक्षण, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के अंतर्गत कार्यों की स्वीकृति एवं लोकार्पण, ग्रीन ऑफिस इनिशिएटिव, एनर्जी एफिशियेंसी तथा ग्रीन बजट जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
जल संरक्षण अभियान में उद्योगों की भागीदारी जरूरी : जिला कलक्टर
जिला कलक्टर डॉ. यादव ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें उद्योगों व निजी संस्थानों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों से वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत अधिकाधिक सहयोग एवं सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाकर ही भविष्य को सुरक्षित किया जा सकता है।
राज्य सरकार के अभियान को सफल बनाने का आह्वान
जिला परिषद सीईओ श्री ओपी बिश्नोई ने अभियान के अंतर्गत जिलेभर में संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर है। उन्होंने उद्यमियों, संस्थाओं एवं आमजन से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम में उद्योग विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं एवं नवाचारों की भी जानकारी दी गई।
कार्यशाला में उपस्थित उद्यमियों एवं कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों ने जल संरक्षण, ग्रीन ऑफिस एवं ऊर्जा दक्षता से जुड़े विषयों में रुचि दिखाई तथा अभियान से जुड़ने की सहमति जताई। कार्यक्रम का संचालन जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र हनुमानगढ़ द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक श्रीमती आकाशदीप सिद्धू ने उद्यमियों को कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु धन्यवाद दिया।



