सीएमएचओ ने सीएचसी टिब्बी का किया निरीक्षण
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने सीएचसी टिब्बी का किया औचक निरीक्षण
गर्मी व हीटवेव संबंधी तैयारियों का लिया जायजा
हनुमानगढ़। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा एवं टिब्बी उपखण्ड अधिकारी श्री सत्यनारायण सुथार ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) टिब्बी का औचक निरीक्षण कर गर्मी एवं हीटवेव से निपटने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीएचसी में खराब डायलिसिस मशीन का भी अवलोकन किया एवं कम्पनी प्रतिनिधियों से बात कर मशीन जल्द से जल्द शुरु करवाने के निर्देश दिए।
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने कहा कि गर्मी व हीटवेव के संबंध में राज्य स्तर से मिलने वाले सभी निर्देशों की पालना व रिर्पोटिंग समय पर की जाए। उन्होंने निर्देश दिए की वार्डों की नियमित रूप से साफ-सफाई रखने एवं कूलरों में दिन में दो या तीन बार पानी बदला जाए। जगह-जगह ओआरएस कॉर्नर बनाने एवं उसे बनाने की विधि के बारे में आमजन को जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्टाफ को लू-तापघात में व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों के साथ आए लोगों के लिए वेटिंग एरिया में भी ठण्डी हवा एवं पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने उपखण्ड अधिकारी सत्यनारायण सुथार के साथ हीटवेव के संबंध में रिजर्व वार्ड, पंखे, कूलर, एसी की व्यवस्था, पानी की व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता के साथ-साथ चिकित्सकों से मिलकर उपचाराधीन रोगियों की जानकारी ली। उनके साथ टिब्बी बीसीएमओ डॉ. रितिका पारीख भी उपस्थित रहीं।
![]() |
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने डायलिसिस मशीन की मरम्मत को लेकर अधिकृत फर्म से बातचीत की। कम्पनी प्रबंधक द्वारा 30 मई तक मशीन को ठीक करवाने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने डायलिसिस के मरीजों से भी बातचीत कर उन्हें जल्द से जल्द मशीन शुरू करवाने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सूरेवाला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेमप्रीत तथा फेफाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के दंत चिकित्सा अधिकारी डॉ. शुभम सेतिया को आगामी आदेशों तक सीएचसी टिब्बी में लगाया गया है, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।



