वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना में हवाई और रेल यात्रा के लिए लॉटरी प्रक्रिया सम्पन्न
जिले के 154 वरिष्ठ नागरिक हवाई यात्रा और 1259 वरिष्ठ नागरिक रेल यात्रा से करेंगे तीर्थयात्रा
हनुमानगढ़। देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के चयन के लिए लॉटरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई गई।
जिले में इस वर्ष योजना के तहत कुल 3,063 वरिष्ठ नागरिकों के आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें हवाई यात्रा के लिए 2,019 यात्रियों तथा रेल यात्रा के लिए 4,696 यात्रियों के आवेदन शामिल हैं। जिले को आवंटित कोटे के अनुसार लॉटरी के माध्यम से 154 यात्रियों का हवाई यात्रा की मुख्य सूची तथा 1,259 यात्रियों का रेल यात्रा की मुख्य सूची में चयन किया गया। इसके अतिरिक्त हवाई एवं रेल यात्रा के लिए प्रतीक्षा सूची तथा अचयनित सूची भी जारी की गई।
लॉटरी प्रक्रिया के दौरान जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सिंह मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री ओपी बिश्नोई, सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग श्री ओमप्रकाश, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि श्री पवन कुमार, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक श्री योगेन्द्र कुमार तथा एपीआरओ श्री राजपाल लम्बोरिया उपस्थित रहे।
योजना के अंतर्गत चयनित वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा के माध्यम से देश के 15 प्रमुख तीर्थ स्थलों की वातानुकूलित ट्रेन से निःशुल्क यात्रा करवाई जाएगी। वहीं हवाई यात्रा के लिए चयनित यात्रियों को नेपाल स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर (काठमांडू) की निःशुल्क यात्रा का अवसर मिलेगा।जिला प्रशासन एवं देवस्थान विभाग ने चयनित यात्रियों से निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूर्ण करने तथा विभागीय निर्देशों की पालना करने की अपील की है।
___

