जनगणना 2027 के कार्य का जिला प्रभारी ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश
जनगणना 2027 के मकान सूचीकरण कार्य का जिला प्रभारी ने किया निरीक्षण, प्रगणकों को दिए आवश्यक निर्देश
हनुमानगढ़ (टिब्बी)। जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण के प्रथम चरण के कार्यों का निरीक्षण शुक्रवार को जनगणना सांख्यिकी निदेशालय के जिला प्रभारी श्री अशोक गोदारा द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसआरएस यूनिट-5, एफटीपी एचएलबी संख्या 0087 में प्रगणक सहदेव एवं पर्यवेक्षक दिलीप गांधी द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान श्री गोदारा ने भवन संख्या 33 एवं 34 के आंकड़ों की जांच करते हुए ईंधन, पानी निकासी, दूरभाष (फोन), शौचालय सुविधाओं तथा प्रकाश व्यवस्था से संबंधित प्रश्नों की सही एवं तथ्यात्मक जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यवेक्षक दिलीप गांधी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने पर बल दिया।
इसके पश्चात एफटीपी-3 की एचएलबी संख्या 0085 में प्रगणक जसवंत कुमार एवं पर्यवेक्षक अनूप कुमार के कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। जिला प्रभारी ने निर्देशित किया कि पर्यवेक्षक प्रगणकों द्वारा किए गए कार्यों का नियमित भौतिक सत्यापन करें तथा जिन ब्लॉकों में कार्य पूर्ण हो चुका है उन्हें समय पर पूर्ण घोषित करें। साथ ही जिन ब्लॉकों में कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समयावधि में लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जनगणना प्रकोष्ठ प्रभारी राकेश भार्गव, सुभाष मांडण, पर्यवेक्षक दिलीप गांधी, प्रगणक बूटा सिंह, दिलीप कुमार, मनोज कुमार, सहदेव, एसआरएस यूनिट प्रभारी यश कुमारी सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
