टिब्बी में 70 लाख के विकास कार्यों का किया शिलान्यास
टिब्बी को मिली शिक्षा और खेल विकास की बड़ी सौगात
हाईटेक स्मार्ट लाइब्रेरी व आधुनिक खेल मैदान का विधायक ने किया शिलान्यास
टिब्बी। संगरिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर पालिका टिब्बी में विद्यार्थियों एवं युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा और खेल क्षेत्र में महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी गई है। विधायक श्री अभिमन्यु पूनिया की अनुशंसा पर डीएमएफटी फंड से स्वीकृत विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली हाईटेक स्मार्ट लाइब्रेरी का शिलान्यास किया गया। यह लाइब्रेरी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगी, जहां विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए उत्कृष्ट वातावरण, डिजिटल संसाधन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
वही युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने एवं बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 30 लाख रुपये की लागत से विकसित होने वाले आधुनिक खेल मैदान का भी शिलान्यास किया गया। इस खेल परिसर में 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक, बास्केटबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट सहित विभिन्न आधुनिक खेल सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक श्री अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर संसाधन उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से टिब्बी क्षेत्र में शिक्षा एवं खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए सशक्त मंच प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए शिक्षा, खेल एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध हो सकें।
