भादरा में शहरी सेवा शिविर
शहरी सेवा शिविर में 150 रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरित, 7 वृद्धजनों को मिली वॉकिंग स्टिक
भादरा। राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार नगरपालिका परिसर भादरा में शुक्रवार को आयोजित शहरी सेवा शिविर में वृद्धजनों को वॉकिंग स्टिक तथा रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरण कर लाभान्वित किया। दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण तथा मुख्य बस स्टैंड भादरा के रोडवेज बुकिंग प्रभारी मांगेराम कुलड़िया ने बताया कि शिविर में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ के सहयोग से दिव्यांगजन, वृद्धजन, वरिष्ठ नागरिक एवं विभिन्न श्रेणियों के 150 लाभार्थियों को रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरित किए गए। साथ ही समिति के सहयोग से 80 वर्ष से अधिक आयु के 7 वृद्धजनों को आवागमन में सुविधा के लिए वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। इस पहल की आमजन ने सराहना की।
उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न श्रेणियों के 70 ऐसे लाभार्थियों के आवेदन भी प्राप्त किए गए, जो अब तक रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड से वंचित थे। आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया को मौके पर ही पूर्ण करवाकर आवेदन निगम की पास शाखा को भेजे गए, ताकि आगामी दिनों में उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके।
शिविर के दौरान दिव्यांगजनों, वृद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। लाभार्थियों के आवेदन एवं कार्ड वितरण कार्य में ब्लॉक भादरा के विशेष शिक्षक रवि कौशिक तथा नगरपालिका कर्मचारी मुरारीलाल और निहालचंद ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
भाजपा जिला प्रवक्ता जगदीश गर्ग, नगरपालिका के कनिष्ठ लेखाकार गोविंद कुमार शर्मा तथा पेंशनर समाज तहसील अध्यक्ष लीलूराम ने लाभार्थियों को स्मार्ट कार्ड एवं वॉकिंग स्टिक वितरित करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलता है और प्रशासनिक सेवाएं आमजन तक सरलता से पहुंचती हैं। स्मार्ट कार्ड प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने राजस्थान सरकार, स्थानीय प्रशासन, राजस्थान रोडवेज तथा समिति अध्यक्ष हरबंस लाल सहारण एवं बुकिंग प्रभारी मांगेराम कुलड़िया का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष दिनेश कुमार सैन, कनिष्ठ अभियंता सुश्री चन्द्रमुखी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी अमित कुमार, स्वास्थ्य निरीक्षक सुनील कुमार, युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, विवेकानंद सेवा समिति अध्यक्ष जगदीश चाचाण, विशेष शिक्षक रवि कौशिक, नगरपालिका कर्मचारी मुरारीलाल खिच्ची एवं निहालचंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नगरपालिका स्टाफ, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।


