राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन
30 वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में 154 भामाशाह और 97 प्रेरक होंगे सम्मानित
29 जून को जयपुर में आयोजित होगा समारोह, शिक्षा क्षेत्र में 318 करोड़ रुपये के योगदान को मिलेगा सम्मान
बीकानेर। शिक्षा विभाग द्वारा 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन 29 जून को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में किया जाएगा। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 154 भामाशाहों तथा 97 प्रेरकों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने बताया कि राजकीय विद्यालयों में भवन निर्माण, अतिरिक्त कक्षों के निर्माण, भूमि उपलब्ध कराने तथा अन्य भौतिक संसाधनों के विकास में सहयोग देकर शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने वाले दानदाताओं को इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए ज्ञान संकल्प पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिनमें से पात्रता के आधार पर अंतिम चयन किया गया।
उन्होंने बताया कि एक करोड़ रुपये या उससे अधिक राशि का योगदान करने वाले 49 दानदाताओं को “शिक्षा विभूषण” तथा 30 लाख रुपये से एक करोड़ रुपये तक का योगदान देने वाले 105 दानदाताओं को “शिक्षा भूषण” सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा 50 लाख रुपये या उससे अधिक राशि के लिए भामाशाहों को प्रेरित करने वाले 97 प्रेरकों को भी सम्मानित किया जाएगा।
निदेशक ने बताया कि सत्र 2025-26 में चयनित भामाशाहों द्वारा शिक्षा विभाग को कुल 318 करोड़ रुपये का सहयोग प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1995 में शुरू हुई इस सम्मान परंपरा के तहत अब तक प्रदेश के 2,331 भामाशाहों से 1,155.48 करोड़ रुपये का सहयोग प्राप्त हो चुका है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 29 जून को प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें 1 लाख रुपये से 29 लाख 99 हजार 999 रुपये तक का योगदान देने वाले दानदाताओं तथा 5 लाख रुपये से 49 लाख 99 हजार 999 रुपये तक के सहयोग के लिए भामाशाहों को प्रेरित करने वाले प्रेरकों को सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षा विभाग का यह आयोजन समाज में दान एवं शिक्षा सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ विद्यालयों के विकास में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
