गुड़िया के मोहम्मद अली अशरफी ने स्केटिंग में जीता गोल्ड
नेपाल में चमका गुड़िया का सितारा,
मोहम्मद अली अशरफी ने जीते गोल्ड व सिल्वर मेडल
टिब्बी। क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुड़िया के लिए गर्व का क्षण उस समय आया जब ग्राम पंचायत प्रशासक इमरान खान के सुपुत्र मोहम्मद अली अशरफी ने नेपाल में आयोजित इंटरनेशनल इंडो-नेपाल स्पोर्ट्स फेस्टिवल-2026 की स्केटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गांव का नाम रोशन किया।
ग्राम पंचायत प्रशासक इमरान खान ने बताया कि मोहम्मद अली अशरफी ने प्रतियोगिता की 1000 मीटर इनलाइन स्केटिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा 500 मीटर इनलाइन स्केटिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर कुल दो पदक अपने नाम किए। बेहद कम उम्र में हासिल की गई इस उपलब्धि ने उनकी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है।
प्रतियोगिता में शानदार सफलता पर ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने मोहम्मद अली अशरफी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उनके कोच राजकुमार का भी आभार व्यक्त किया गया। सरपंच ने कहा कि कोच की मेहनत और मार्गदर्शन के कारण ही खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
ग्रामीणों ने कहा कि मोहम्मद अली अशरफी की यह उपलब्धि पूरे ग्राम पंचायत गुड़िया के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता गांव के अन्य बच्चों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।


