ग्राम पंचायत स्तर पर गुरुवार को होगी जनसुनवाई
4 जून को टिब्बी उपखंड की सभी ग्राम पंचायतों में होगी जनसुनवाई,
ब्लॉक स्तरीय अधिकारी को पंचायत वार दी जिम्मेदारी
टिब्बी। उपखंड अधिकारी टिब्बी श्री सत्यनारायण सुथार द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार राज्य सरकार के निर्देशानुसार आगामी 4 जून 2026 को उपखंड क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करना है।
जारी आदेश के अनुसार विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को ग्राम पंचायतवार जनसुनवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित अधिकारी अपने आवंटित ग्राम पंचायत क्षेत्र में उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे। साथ ही जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों की रिपोर्ट विकास अधिकारी, पंचायत समिति टिब्बी को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करेंगे।
उपखंड प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं सुझावों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके।
जनसुनवाई के सफल आयोजन के लिए चिकित्सा, शिक्षा, कृषि, वन, सिंचाई, विद्युत, सार्वजनिक निर्माण विभाग तथा पंचायत राज विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग ग्राम पंचायतों में नियुक्त किया गया है। प्रशासन द्वारा सभी अधिकारियों को पूर्व लंबित प्रकरणों के निस्तारण एवं जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
उपखंड अधिकारी ने बताया कि जनसुनवाई के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे आमजन को राहत मिल सके और प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच अधिक प्रभावी बन सके।

