रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम
रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड जागरूकता कार्यक्रम में 60 लाभार्थियों को मिला लाभ
हनुमानगढ़। नोहर उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ के मुख्य प्रबंधक हामिद अली के निर्देशानुसार राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ द्वारा बुधवार को शिवाजी बस स्टैंड नोहर में रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण तथा शिवाजी बस स्टैंड नोहर के रोडवेज बुकिंग प्रभारी रामचंद्र शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान निगम द्वारा संचालित विभिन्न रियायती यात्रा योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई। इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों के 60 लाभार्थियों को मौके पर ही रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड का लाभ प्रदान किया गया तथा अधिक से अधिक लोगों को रोडवेज बसों में यात्रा कर तीर्थ यात्रा सहित सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणियों के वंचित लाभार्थियों के लिए आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया भी मौके पर ही पूरी की गई तथा 15 नए आवेदन प्राप्त कर निगम की पास शाखा को प्रेषित किए गए, जिनका लाभ आगामी दिनों में दिलाया जाएगा।
ब्लॉक नोहर विशेष शिक्षा प्रभारी भागमल सैनी एवं रोडवेज बुकिंग प्रभारी रामचंद्र शर्मा सहित उपस्थित अतिथियों ने विभिन्न श्रेणियों के लाभार्थियों को स्मार्ट कार्ड वितरित किए। इस दौरान समिति अध्यक्ष हरबंस लाल सहारण ने उपखंड प्रशासन एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के सहयोग से दिव्यांगों, वृद्धजनों एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक सराहनीय पहल बताया।
हरबंस लाल सहारण ने बताया कि आगामी दिनों में हनुमानगढ़ जिले के विभिन्न उपखंड क्षेत्रों में प्रशासन एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के सहयोग से ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के वंचित लाभार्थियों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जाएगा।
इस अवसर पर ब्लॉक नोहर विशेष शिक्षा प्रभारी भागमल सैनी, शिवाजी बस स्टैंड रोडवेज बुकिंग प्रभारी रामचंद्र शर्मा, टिकट बुकिंग इंचार्ज गगनदीप शर्मा, एजेंट वेदप्रकाश, समाजसेवी राजेन्द्र बंसल, प्रदीप कुमार दीक्षित, दिव्यांगजन, वृद्धजन, वरिष्ठ नागरिक एवं अन्य यात्रीगण उपस्थित रहे।

