सुरेवाला में ग्रामीण सेवा शिविर
ग्रामीण सेवा शिविर बना एकल नारी परिवारों का सहारा
पांच बच्चों को पालनहार योजना से मिला आर्थिक संबल
टिब्बी। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल साबित हो रहे हैं। ग्राम पंचायत सुरेवाला में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में दो एकल नारी महिला पेंशनरों के पांच बच्चों को पालनहार योजना का लाभ तत्काल स्वीकृत कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
शिविर में पहुंची एकल नारी पेंशनर सिम्मी एवं सीमा बाई ने शिविर प्रभारी एवं तहसीलदार श्री हरीश कुमार टाक को अपनी आर्थिक स्थिति तथा बच्चों के पालन-पोषण में आ रही कठिनाइयों से अवगत कराया। समस्या को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई कर पात्र बच्चों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
![]() |
विभागीय कार्मिक श्री बजरंग लाल ने दोनों महिलाओं के आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करवाकर पालनहार योजना के आवेदन तैयार किए, जिन्हें शिविर में ही स्वीकृत कर दिया गया। इसके तहत सिम्मी के दो बच्चों अंशदीप एवं लखवीर सिंह के लिए 3 हजार रुपये प्रतिमाह तथा सीमा बाई के तीन बच्चों हिना रानी, निहाल कौर एवं तमन्ना के लिए 4 हजार 500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।
योजना का लाभ मिलने पर दोनों महिलाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब बच्चों की शिक्षा, पोषण एवं अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक सहायता मिलेगी। उन्होंने राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं शिविर में मौजूद अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर वास्तव में जरूरतमंद लोगों के लिए राहत का माध्यम बन रहे हैं। इस अवसर पर सहायक शिविर प्रभारी एवं अतिरिक्त विकास अधिकारी श्री जसवीर सिंह, ग्राम पंचायत प्रशासक श्री सुरजाराम पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

