नशामुक्त भारत अभियान के तहत पोस्टर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन
नशामुक्त भारत अभियान मे पोस्टर व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने रचनात्मक कृतियों से दिया संदेश
हनुमानगढ़। राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय में शनिवार को नशामुक्त भारत अभियान के तहत पोस्टर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ, नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को प्रभावशाली चित्रों और संदेशों के माध्यम से प्रस्तुत किया। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े प्रश्नों के सटीक उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
पोस्टर प्रतियोगिता में बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की सपना ने प्रथम, बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर की दिव्या ने द्वितीय तथा बी.ए. प्रथम सेमेस्टर के सैम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सपना ने प्रथम, जसवंत (बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर) ने द्वितीय और दिव्या ने तृतीय स्थान हासिल किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम पाल अहरोदिया ने विद्यार्थियों की रचनात्मक भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सकारात्मक सोच, सामाजिक चेतना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में श्रीमती किरण ढिल्ल, श्रीमती भागवन्ती, श्री अनमोल शर्मा, श्रीमती ममता और श्री विजय सिंह सहित महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
