भारत स्काउट एवं गाइड का वार्षिक अधिवेशन
हनुमानगढ़ में स्काउट-गाइड का चतुर्थ जिला परिषद वार्षिक अधिवेशन सम्पन्न
2026-27 की कार्ययोजना को मिली मंजूरी
हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, हनुमानगढ़ का चतुर्थ जिला परिषद वार्षिक अधिवेशन जाट भवन में आयोजित किया गया। अधिवेशन में जिलेभर से स्काउट-गाइड के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लेते हुए संगठन की वार्षिक गतिविधियों की समीक्षा की तथा वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।
अधिवेशन में स्काउट-गाइड आंदोलन को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने, सदस्य संख्या में गुणात्मक एवं संख्यात्मक वृद्धि करने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार, सेवा गतिविधियों को सुदृढ़ करने तथा नेतृत्व विकास को बढ़ावा देने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संगठन के विस्तार एवं जिले, मंडल तथा राज्य स्तर की गतिविधियों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में आय-व्यय का वार्षिक विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे परिषद ने अनुमोदित करते हुए आगामी वित्तीय वर्ष के बजट को भी स्वीकृति प्रदान की। संगठन के नीति-नियमों एवं सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी सत्र में प्रशिक्षण शिविरों, सेवा कार्यों एवं जनहित गतिविधियों के विस्तार पर सहमति बनी।
अधिवेशन को संबोधित करते हुए बीकानेर मंडल के सहायक राज्य संगठन आयुक्त रामजस ने स्काउट-गाइड आंदोलन के मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए संगठन को अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला कमिश्नर जितेन्द्र बठला ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से समर्पण भाव से कार्य करते हुए विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व की भावना विकसित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सुरेन्द्र कुमार, भूपेन्द्र कौशिक सहित अनेक पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए तथा आगामी सत्र की योजनाओं पर सुझाव प्रस्तुत किए। अधिवेशन का समापन संगठन को और अधिक सक्रिय, सशक्त एवं जनोपयोगी बनाने के संकल्प के साथ हुआ।




