नव-नियुक्त वार्ड अध्यक्षों ने ली शपथ
नव-नियुक्त वार्ड अध्यक्षों ने ली शपथ, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का लिया संकल्प
वार्ड अध्यक्ष संगठन की रीढ़, जनसेवा के माध्यम से कांग्रेस को करेंगे सशक्त – विधायक अभिमन्यु पूनिया
संगरिया। विधायक श्री अभिमन्यु पूनिया के निर्देशानुसार रविवार को संगरिया जन-कार्यालय में नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री संजीव सोनी की अध्यक्षता में शहर के नव-नियुक्त वार्ड अध्यक्षों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सभी नव-नियुक्त वार्ड अध्यक्षों को संगठन के प्रति निष्ठा, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर नव-नियुक्त वार्ड अध्यक्षों को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक अधिक मजबूत, सक्रिय एवं जनहितैषी बनाने का आह्वान किया गया।
अपने संदेश में विधायक श्री अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि वार्ड अध्यक्ष कांग्रेस संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सक्रियता, समर्पण और जनसंपर्क से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एवं संदेश प्रत्येक घर तक पहुँचेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव आमजन की आवाज़ बनकर उनके अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। नव-नियुक्त वार्ड अध्यक्ष जनता और संगठन के बीच मजबूत सेतु बनकर प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएँगे तथा उनके समाधान के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए कांग्रेस को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने तथा जनसेवा के कार्यों को गति देने का संकल्प लिया। समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


