टिब्बी शहरी सेवा शिविर
शहरी सेवा शिविर में दिव्यांगों को राहत से मिली खुशियां,
एक ट्राईसाइकिल, सात को यूडीआईडी कार्ड व 20 रोडवेज रियायती स्मार्ट कार्ड का किया वितरण
टिब्बी। राजस्थान सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं का समाधान करने व पात्र लोगो को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 अभियान के तहत शनिवार को नगरपालिका टिब्बी में आयोजित शिविर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण के प्रयासों से शिविर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहयोग से एक दिव्यांगजन को ट्राईसाइकिल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सात दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड तथा राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के सहयोग से 20 पात्र लाभार्थियों को रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरित किए गए।
शिविर के दौरान दो दिव्यांगजनों को मेडिकल प्रमाण-पत्र के लिए चिन्हित किया गया। वहीं रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड से वंचित पात्र व्यक्तियों के 35 आवेदन मौके पर ही पूर्ण कर निगम को भेजे गए, जिससे उन्हें शीघ्र लाभ मिल सके। उपखंड अधिकारी सत्यनारायण सुथार, अधिशाषी अधिकारी बृजेश कुमार सोनी एवं शिविर प्रभारी सुमित्रा छिंपा सहित जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को सहायक उपकरण, यूडीआईडी कार्ड एवं स्मार्ट कार्ड वितरित करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण ने लाभार्थियों को रोडवेज की रियायती यात्रा सुविधा का उपयोग कर तीर्थयात्रा एवं अन्य आवश्यक यात्राओं में इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में मौके पर ही योजनाओं का लाभ मिलने से लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन, नगरपालिका, चिकित्सा विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम तथा सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण का आभार व्यक्त किया।
रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराने में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के कर्मचारी देवीलाल जाखड़ का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर ओम दुगेसर, अर्जुन सोनी, मनीष अरोड़ा, राममूर्ति खन्ना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नगरपालिका स्टाफ, जनप्रतिनिधि, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।


