पंच गौरव भटनेर उत्सव' का तिरंगा नशा मुक्ति साइकिल रैली से आगाज
जिला स्थापना दिवस पर तीन दिवसीय 'पंच गौरव भटनेर उत्सव' का आगाज
16 किलोमीटर की तिरंगा नशा मुक्ति साइकिल रैली से हुई शुरुआत
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने स्वयं साइकिल चलाकर युवाओं का बढ़ाया उत्साह
हनुमानगढ़। जिला स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय 'पंच गौरव भटनेर उत्सव-2026' का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। उत्सव की शुरुआत 16 किलोमीटर लंबी 'तिरंगा नशा मुक्ति साइकिल रैली' से हुई, जिसमें स्कूली विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, अधिकारियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रैली का शुभारंभ प्रातः सेंट्रल पार्क, हनुमानगढ़ टाउन से हुआ। यह रेलवे स्टेशन, सलेमगढ़ मसानी एवं जीडीसी पटड़े होते हुए जीरो आरडी पहुंची, जहां समापन समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने स्वयं साइकिल चलाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उनकी धर्मपत्नी डॉ. सिमोन यादव ने भी रैली में हिस्सा लिया तथा साइकिल चलाकर युवाओं को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति प्रेरित किया।
डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि साइकिलिंग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है। इससे शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है तथा युवाओं में साहस और अनुशासन की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
रैली में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री उम्मेदीलाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद, सहायक निदेशक लोक सेवाएं डॉ. दिव्या, हनुमानगढ़ एसडीएम श्री मांगीलाल सुथार, टिब्बी एसडीएम श्री सत्यनारायण, जिला परिषद सीईओ श्री देशराज बिश्नोई, एनएमपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रामपाल अहरोदिया, जिला खेल अधिकारी श्री शमशेर सिंह, जनप्रतिनिधि श्री संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में जिला स्तरीय अधिकारी, स्कूली विद्यार्थी, संडे साइक्लिंग क्लब के सदस्य, खिलाड़ी एवं साइकिल प्रेमी शामिल हुए।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित 'पंच गौरव भटनेर उत्सव' के तहत 10 से 12 जुलाई तक जिलेभर में सांस्कृतिक, खेल, साहित्यिक, सामाजिक एवं जनजागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है।




