हर घर तिरंगा अभियान-2026’
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रदर्शनी का आयोजन, विद्यार्थियों ने जानी विभाजन की त्रासदी
टिब्बी। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत 13 एवं 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर टिब्बी उपखंड प्रशासन के तत्वावधान में विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है।
इसी क्रम में गुरुवार को पंचायत समिति के समीप स्थित अंबेडकर भवन में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकों एवं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर विद्यार्थियों को आयोजन के उद्देश्य एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के महत्व की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान लाखों लोगों को हुई पीड़ा, विस्थापन, सदमे एवं बेघर होने की त्रासदी के बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुतियों के साथ राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का वाचन किया गया।
विद्यार्थियों को विभाजन से प्रभावित लोगों एवं परिवारों के संघर्ष तथा उस त्रासदी के सामाजिक प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रदर्शनी का विभाजन से प्रभावित परिवारों एवं उनके प्रतिनिधियों ने भी अवलोकन किया तथा उस दौर की स्मृतियों एवं अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी से अवगत कराते हुए शांति, एकता, भाईचारे एवं राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया।
