जिले में 14 अटल प्रगति पथ बनेंगे
हनुमानगढ़ जिले में 14 अटल प्रगति पथ बनेंगे, 80 हजार से अधिक आबादी को मिलेगा लाभ
28 करोड़ रुपए की लागत से चार विधानसभा क्षेत्रों में होगा सड़क निर्माण, गांवों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
हनुमानगढ़। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए अटल प्रगति पथ योजना के तहत 28 करोड़ रुपए की लागत से 14 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से जिले की करीब 80 हजार से अधिक आबादी को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है। प्रत्येक सड़क पर औसतन करीब 2 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
योजना के तहत जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में सड़कें स्वीकृत की गई हैं। इनमें संगरिया विधानसभा क्षेत्र में 4, हनुमानगढ़ में 3, भादरा में 6 तथा नोहर में 1 सड़क शामिल है। स्वीकृत सड़कों का निर्माण निर्धारित मापदंडों एवं तकनीकी मानकों के अनुसार कराया जाएगा।
गांवों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
अटल प्रगति पथ के तहत बनने वाली सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों एवं आसपास के कस्बों से बेहतर तरीके से जोड़ेंगी। इससे विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों तथा दैनिक आवागमन करने वाले ग्रामीणों को विशेष लाभ मिलेगा। प्रत्येक गांव में औसतन 5 से 6 हजार की आबादी को सड़क सुविधा का लाभ मिलने की उम्मीद है।
इन गांवों को भी मिलेगा लाभ
योजना के तहत जिले के अजीतपुरा, कलाना, भिरानी, निनाण, मुन्सरी, डाबड़ी, बोलावाली, खाराखेड़ा, मेहरवाला, सुरेवाला, जोड़कियां, किशनपुरा, मुंडा एवं परलीका सहित विभिन्न गांवों में सड़क निर्माण प्रस्तावित है। इन सड़कों के बनने से ग्रामीणों को मुख्य मार्गों और नजदीकी कस्बों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
निर्धारित मानकों के अनुसार होगा निर्माण
सड़कों के निर्माण के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। संबंधित विभाग द्वारा कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया जारी है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समयसीमा में निर्माण पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
.jpg)