News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

एसपी ने विभिन्न पुलिस थानों का किया निरीक्षण, दिए निर्देश

एसपी ने विभिन्न पुलिस थानों का किया निरीक्षण, दिए निर्देश

जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने संगरिया, टिब्बी एवं तलवाड़ा थानों का किया निरीक्षण

नशा तस्करों, गैंगस्टरों एवं संगठित अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश

सुरक्षित, नशामुक्त एवं अपराधमुक्त हनुमानगढ़ के लिए बेहतर एवं  संवेदनशील पुलिसिंग पर दिया विशेष जोर

हनुमानगढ़। श्री बी. आदित्य, जिला पुलिस अधीक्षक, हनुमानगढ़ द्वारा पदभार ग्रहण करने के उपरांत आज प्रथम बार जिले के अंतरराज्यीय सीमा से जुड़े पुलिस थाना संगरिया, टिब्बी एवं तलवाड़ा का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य थाना व्यवस्थाओं की समीक्षा, अपराध नियंत्रण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करना तथा नशा तस्करी एवं संगठित अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति का आकलन करना रहा।

प्रत्येक थाना पहुंचने पर जिला पुलिस अधीक्षक को पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत उन्होंने थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण करते हुए एचएम कार्यालय, रिकॉर्ड रूम, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, मैस, थाना परिसर, आगंतुक कक्ष, जब्तशुदा वाहनों तथा मालखाना में संधारित जब्त माल का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक ने एचएम कार्यालय में समस्त अभिलेखों के सुव्यवस्थित एवं अद्यतन संधारण, अपराध रजिस्टरों के नियमित संधारण, रिकॉर्ड की गुणवत्ता तथा लंबित पत्रावलियों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने मालखाना में रखे जब्त माल एवं वाहनों के उचित रखरखाव, रिकॉर्ड के नियमित मिलान तथा लंबित माल के शीघ्र विधिक निस्तारण पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने थाना स्तर पर लंबित अनुसंधानों, वारंट एवं इस्तगासों की तामील, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीटर एवं आदतन अपराधियों की निगरानी तथा बीट व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराध वर्तमान समय की गंभीर चुनौती है, इसलिए साइबर ठगी एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी की प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा पीड़ितों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करें।

उन्होंने जिले में संचालित ऑपरेशन चक्रव्यूह एवं सेफ सिटी अभियान को थाना स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि नशा तस्करों, गैंगस्टरों, स्ट्रीट पेडलर्स, संगठित अपराधियों एवं अन्य असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिला पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत आदतन नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। साथ ही नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर धारा 68-एफ, एनडीपीएस अधिनियम के तहत संपत्ति फ्रीज कराने तथा अवैध रूप से किए गए अतिक्रमणों को नियमानुसार ध्वस्त कराने हेतु संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों का त्वरित, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करते हुए पीड़ितों को शीघ्र न्याय एवं राहत उपलब्ध कराई जाए।

जिला पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थाना आने वाले प्रत्येक परिवादी एवं आमजन के साथ सम्मानजनक, संवेदनशील एवं सकारात्मक व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित कर पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से कहा कि संगरिया, टिब्बी एवं तलवाड़ा तीनों थाना क्षेत्र अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित हैं। संगरिया थाना पंजाब एवं हरियाणा राज्यों की सीमा से तथा टिब्बी एवं तलवाड़ा थाना हरियाणा राज्य की सीमा से जुड़े होने के कारण इन क्षेत्रों में अपराधियों एवं तस्करों की आवाजाही की संभावना बनी रहती है। इसे दृष्टिगत रखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित नाकाबंदी, सघन गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच, पड़ोसी राज्यों की पुलिस से सतत समन्वय तथा प्रभावी सूचना तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस थाना तलवाड़ा में निरीक्षण के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक ने सीएलजी सदस्यों की बैठक भी ली। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सीएलजी सदस्यों से पुलिस के साथ सक्रिय समन्वय रखते हुए नशा तस्करी, संगठित अपराध एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना समय पर उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

बैठक में उपस्थित सीएलजी सदस्यों को हनुमानगढ़ पुलिस के गोपनीय हेल्पलाइन नम्बर 8764531201 की जानकारी देते हुए बताया गया कि नशा तस्करी, अवैध हथियार, गैंगस्टर गतिविधियों अथवा अन्य किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना इस नम्बर पर दी जा सकती है तथा सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह एवं सेफ सिटी अभियान को थाना स्तर पर जनसहभागिता के साथ और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा नशा तस्करी, नशे की प्रवृत्ति, संगठित अपराध एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाकर जिले में सुरक्षित, भयमुक्त एवं अपराधमुक्त वातावरण स्थापित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की स्वच्छता, अनुशासन, पुलिस कार्मिकों की कार्यप्रणाली, बीट व्यवस्था, रात्रि गश्त, संवेदनशील स्थानों पर नियमित भ्रमण, लंबित शिकायतों के निस्तारण तथा आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी विशेष बल दिया गया।

निरीक्षण के दौरान वृत्ताधिकारी संगरिया श्री रमेश माचरा, थानाधिकारी पुलिस थाना संगरिया श्री अमर सिंह, थानाधिकारी पुलिस थाना टिब्बी श्री राकेश सांखला तथा थानाधिकारी पुलिस थाना तलवाड़ा श्री राजपाल सिंह सहित संबंधित थाना स्टाफ उपस्थित रहा।

अंत में जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने कहा कि हनुमानगढ़ पुलिस का लक्ष्य केवल अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराधों की प्रभावी रोकथाम, आमजन का विश्वास सुदृढ़ करना तथा सुरक्षित, नशामुक्त एवं अपराधमुक्त हनुमानगढ़ का निर्माण करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजन को गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.