विद्युत आपूर्ति में कम वोल्टेज की समस्या समाधान करने की मांग
डबली कलां में कम वोल्टेज की समस्या पर आक्रोश
मिर्जावाली मेर जीएसएस पर किसानों ने किया सांकेतिक प्रदर्शन,
कृषि नलकूपों को पर्याप्त बिजली और पंप हाउस को 24 घंटे बिजली देने की मांग
टिब्बी। ग्राम पंचायत डबली कलां में कृषि नलकूपों एवं घरेलू बिजली की कम वोल्टेज की समस्या को लेकर किसानों एवं ग्रामीणों ने शनिवार को मिर्जावाली मेर जीएसएस पर सांकेतिक प्रदर्शन किया। किसानों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कनिष्ठ अभियंता दिनेश मीणा को अधीक्षण अभियंता (SE), हनुमानगढ़ के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की।
किसान नेता मनीष बुरड़क ने कहा कि डबली कलां में कम वोल्टेज की समस्या किसानों की फसलों और ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी पर गंभीर असर डाल रही है। कम वोल्टेज के कारण नलकूपों की मोटरें बार-बार जल रही हैं तथा घरों में पंखे, कूलर, फ्रिज, टीवी सहित अन्य विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं। इससे किसानों एवं आम उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बुरड़क ने कहा कि पिछले करीब एक सप्ताह से कम वोल्टेज के कारण कृषि नलकूप पर्याप्त रूप से नहीं चल पा रहे हैं। नहरी पानी की कमी के बीच धान की फसलें नलकूपों पर निर्भर हैं। उन्होंने मांग की कि किसानों की फसलों को बचाने के लिए कम से कम एक सप्ताह तक पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाए।
बरसाती पानी की निकासी के लिए पंप हाउस को 24 घंटे बिजली की मांग
किसान नेता ने बताया कि क्षेत्र में बरसाती पानी की निकासी के लिए पंप हाउस प्रोजेक्ट स्थापित किया गया था। ग्रामीणों और प्रशासन के बीच हुई वार्ता में पंप हाउस को 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाने पर सहमति बनी थी, लेकिन व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू नहीं होने के कारण पानी निकासी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में जलस्तर काफी ऊंचा है तथा करीब 200 एकड़ क्षेत्र के जोहड़ में पानी जमा है। पंप हाउस को पर्याप्त वोल्टेज के साथ 24 घंटे चलाने से बरसाती पानी की निकासी तेज होगी और जलस्तर नीचे लाने में मदद मिलेगी। इससे आगामी गेहूं की बिजाई में किसानों को राहत मिल सकती है।
स्थायी समाधान और नुकसान के सर्वे की मांग
ग्रामीणों ने डबली कलां में कम वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान करने, आवश्यकता के अनुसार अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाने, बिजली लाइनों का सुदृढ़ीकरण करने तथा कम वोल्टेज के कारण जली नलकूप मोटरों एवं घरेलू विद्युत उपकरणों के नुकसान का सर्वे करवाकर आर्थिक नुकसान की भरपाई करवाने की मांग की।
समस्याओं का समाधान नहीं होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी
मनीष बुरड़क ने कहा कि शनिवार को किसानों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर विद्युत विभाग को चेतावनी दी है। यदि पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं की गई और पानी निकासी पंप हाउस को तय अनुसार 24 घंटे बिजली उपलब्ध नहीं करवाई गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आसपास के गांवों के किसानों को भी लामबंद कर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में कालूराम बाना, रामनिवास पूनिया, रामस्वरूप बुरड़क, महेंद्र पिलानियां, सोहनलाल पिलानियां, रमेश मुंड, राकेश मुंड, हनुमान सावं, देवीलाल बुरड़क, सुरेंद्र बाना, विक्रम पिलानियां, सुरेंद्र मुंड, सीताराम पिलानियां, सुभाष पिलानियां, जसवंत पिलानियां, अनिल कुकणा सहित बड़ी संख्या में किसान, मजदूर एवं युवा मौजूद रहे।

