ई-टैक्स संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम
राज्य कर विभाग ने आयोजित किया ई-टैक्स ऑफिसर संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम
हनुमानगढ़। राज्य कर विभाग द्वारा विभाग की प्रवर्तन कार्यवाहियों की जानकारी देने तथा स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को आईटीएमएस के ई-टैक्स ऑफिसर मॉड्यूल पर संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन व्यापार मंडल, हनुमानगढ़ जंक्शन में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राज्य कर विभाग की मुख्य आयुक्त आनंदी के निर्देशों तथा अतिरिक्त आयुक्त (प्रशासन) अश्विनी भार्गव के मार्गदर्शन में किया गया।
उपायुक्त अशोक पारीक ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा उद्यमियों एवं व्यापारियों को जीएसटी तथा अन्य आवश्यक सेवाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराने के लिए आईटीएमएस पोर्टल पर ई-टैक्स ऑफिसर एप्लीकेशन विकसित की गई है। इस एप्लीकेशन के माध्यम से व्यापारी अपने व्यवसाय से संबंधित जीएसटी रिटर्न, टर्नओवर, रिफंड, जीएसटी मिसमैच, ई-वे बिल सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां एसएसओ आईडी के माध्यम से मोबाइल अथवा कंप्यूटर पर आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। इससे समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध होने से भविष्य में विभागीय कार्यवाहियों से बचने में भी सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर एवं सहायक आयुक्त राजीव मिढा ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से विभाग की प्रमुख प्रवर्तन कार्यवाहियों तथा ई-टैक्स ऑफिसर एप्लीकेशन के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत राज्य कर अधिकारी नीतू सारस्वत ने स्वागत उद्बोधन से की।
कार्यक्रम में टैक्स बार एसोसिएशन, सीए एसोसिएशन तथा विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। विभाग की ओर से सहायक आयुक्त अल्पा सारण, सहायक आयुक्त राजीव मिढा, राज्य कर अधिकारी नितिन चुघ, नीतू सारस्वत, धर्मवीर सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राज्य कर अधिकारी नितिन चुघ एवं धर्मवीर का विशेष सहयोग रहा।
