हर घर तिरंगा अभियान-2026
हर घर तिरंगा अभियान में 9 से 17 अगस्त तक देशभक्ति के रंग में रंगेगा हनुमानगढ़
प्रभात फेरियों, तिरंगा यात्रा, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनभागीदारी से सजेगा अभियान
हनुमानगढ़। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले में 9 से 17 अगस्त तक "हर घर तिरंगा अभियान-2026" का व्यापक आयोजन किया जाएगा। अभियान के सफल एवं समयबद्ध संचालन के लिए जिला प्रशासन ने विभागवार जिम्मेदारियां तय करते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाना, अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करना तथा जिला, उपखंड, पंचायत समिति, नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर समन्वित रूप से कार्यक्रमों का आयोजन करना है।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने अभियान अंतर्गत कार्यक्रमों को गरिमापूर्वक मनाने तथा समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि "हर घर तिरंगा" केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी और राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन है। सभी विभाग आपसी समन्वय, उत्तरदायित्व और पूर्ण मनोयोग से अभियान को सफल बनाएं तथा अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करें।
अभियान के तहत जिले में प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन होगा। 9 अगस्त को सभी नगर निकायों, गांवों और ढाणियों में तिरंगा प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। इसके बाद 10 अगस्त को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर भव्य तिरंगा यात्रा एवं रैली आयोजित होगी। 11 एवं 12 अगस्त को तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेले लगाए जाएंगे, जबकि 13 अगस्त को विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी, तिरंगा कैनवास एवं देशभक्ति आधारित सजावट की जाएगी। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 15 अगस्त को ध्वजारोहण के साथ तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी। 16 अगस्त को हर घर तिरंगा जनभागीदारी अभियान चलेगा और 17 अगस्त को अभियान का समापन किया जाएगा।
9 अगस्त को आयोजित होने वाली प्रभात फेरियों में स्थानीय समुदाय हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश देगा। अधिक आबादी वाले गांवों में आवश्यकता अनुसार दो से तीन प्रभात फेरियां भी आयोजित की जा सकेंगी। कार्यक्रमों में सामूहिक रूप से "वंदे मातरम्" का गायन होगा तथा सभी गतिविधियों की फोटो एवं वीडियो रिकॉर्डिंग कर पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।
10 अगस्त को आयोजित तिरंगा यात्रा का उद्देश्य "हम एक साथ हैं" की भावना को सशक्त करना है। यात्रा में ई-बाइक, साइकिल, ट्रैक्टर एवं पैदल मार्च जैसे स्वरूप शामिल किए जा सकेंगे। जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों के लिए प्रतिभागियों के लक्ष्य भी निर्धारित किए हैं। शिक्षा विभाग, कॉलेज, एनसीसी, स्काउट-गाइड, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, रसद विभाग सहित विभिन्न संस्थाओं तथा स्थानीय क्लबों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
11 और 12 अगस्त को प्रत्येक शहरी निकाय एवं ग्राम पंचायत में तिरंगा एवं वंदे मातरम् विषय पर प्रदर्शनी एवं मेले लगाए जाएंगे। इनमें फोटो प्रदर्शनी, चरखा, हाथ से तिरंगा निर्माण की कला, राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत तथा स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की व्यवस्था रहेगी। विद्यार्थियों को प्रदर्शनी गाइड के रूप में भी जोड़ा जाएगा, ताकि युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक जागरूकता का विस्तार हो सके।
13 अगस्त से विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 13 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी एवं निजी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने, प्रमुख बाजारों में तिरंगा सजावट, एलईडी लाइटिंग, रंगोली तथा देशभक्ति गीतों के प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत में तिरंगा कैनवास लगाया जाएगा, जिस पर अधिकारी, कर्मचारी और आमजन देशभक्ति संदेश लिख सकेंगे।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विभाजन प्रभावित परिवारों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता से गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे। विभाजन पर आधारित लघु फिल्में, प्रदर्शनी, नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी तथा दिवंगतों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा जाएगा। शाम को देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा।
15 अगस्त को सभी शहरी निकायों एवं ग्राम पंचायतों में ध्वजारोहण के साथ तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी। नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संकल्प दिलाया जाएगा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यक्रमों में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।
16 एवं 17 अगस्त को हर घर तिरंगा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ नागरिकों को अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने, हर घर तिरंगा पोर्टल पर सेल्फी अपलोड करने तथा तिरंगा वॉलेंटियर्स के रूप में पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के समापन पर राष्ट्रीय ध्वजों को सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखने के लिए भी जनजागरूकता चलाई जाएगी।
बैठक में एडीएम श्री उम्मेदी लाल मीना सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहें तथा एसडीएम और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।
