News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

मनरेगा मजदूरों का विभिन्न मांगो को लेकर प्रदर्शन

मनरेगा मजदूरों का विभिन्न मांगो को लेकर प्रदर्शन

डबली कलां पंचायत घर में मनरेगा मजदूरों का सांकेतिक प्रदर्शन

एक सप्ताह में काम नहीं मिला तो विकास अधिकारी कार्यालय के घेराव की चेतावनी

टिब्बी। ग्राम पंचायत डबली कलां में मनरेगा का काम शुरू करवाने, लंबित भुगतान जारी करने तथा पात्र वंचित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को सैकड़ों मनरेगा मजदूरों एवं महिलाओं ने किसान नेता मनीष बुरड़क के नेतृत्व में पंचायत घर के समक्ष सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया और पक्का मोर्चा लगाया।

सुबह करीब 11 बजे पुराना गांव डबली कलां स्थित पंचायत घर में बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूर एवं महिलाएं एकत्रित हुईं और अपनी मांगों को लेकर स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मजदूरों को तत्काल रोजगार उपलब्ध करवाने और बकाया मजदूरी का भुगतान करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान नेता मनीष बुरड़क ने कहा कि सरकार की ओर से VB-G RAM G योजना के तहत 125 दिन काम और 300 रुपये न्यूनतम मजदूरी देने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर सैकड़ों मजदूर रोजगार के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अनेक गरीब परिवारों की आजीविका मनरेगा मजदूरी पर निर्भर है। ऐसे में समय पर काम नहीं मिलने से उनके सामने परिवार के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो रहा है।

उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत काम की मांग करने वाले मजदूरों को समय पर रोजगार उपलब्ध करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। समय पर रोजगार उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार बेरोजगारी भत्ते का प्रावधान भी है। उन्होंने प्रशासन से मजदूरों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों की विकास अधिकारी से हुई वार्ता, बनी सहमति

पक्का मोर्चा शुरू होने के बाद विकास अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी धरना स्थल पर पहुंचे। मजदूरों के प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच हुई वार्ता में सहमति बनी कि मौके पर मौजूद मनरेगा मजदूरों को आगामी सोमवार से काम उपलब्ध करवाया जाएगा। वहीं अन्य मजदूरों के कार्यों की स्वीकृति लेकर एक सप्ताह के भीतर उन्हें भी रोजगार उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया गया।

वार्ता के दौरान मनरेगा मजदूरों के लंबित भुगतान को जल्द जारी करने पर भी सहमति बनी। इसके बाद ग्रामीणों एवं मजदूरों की ओर से विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें

  • सभी मनरेगा मजदूरों को तत्काल काम उपलब्ध करवाया जाए।
  • मनरेगा मजदूरों का लंबित बकाया भुगतान शीघ्र जारी किया जाए।
  • प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र एवं वंचित परिवारों को योजना का लाभ दिया जाए।
  • मनरेगा मजदूरों को नियमानुसार समय पर रोजगार उपलब्ध करवाया जाए।

मनीष बुरड़क ने कहा कि मजदूरों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर रोजगार चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सभी मनरेगा मजदूरों को काम उपलब्ध नहीं करवाया गया तो मजदूर आंदोलन को तेज करते हुए टिब्बी विकास अधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे।

प्रदर्शन के दौरान सुरेंद्र बाना, ईमीलाल, पृथ्वीराज, लॉझ प्रभुराम, छिपा किसना राम, चालीया रायसिंह सुथार, रायसिंह नायक, भगवान कृष्ण, हंसराज, कृष्णा देवी, संतरो देवी, सरोज देवी, रामप्यारी, धापा देवी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं मजदूर मौजूद रहे।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.

Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post