हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर किया याद
खेल दिवस पर खिलाड़ियों ने मेजर ध्यानचंद को किया नमन,
वुशु व हॉकी प्रतियोगिताओं में 250 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को राजीव गांधी स्टेडियम, हनुमानगढ़ में हॉकी के जादूगर स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जिला खेल अधिकारी श्री शमशेर सिंह ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को खेल दिवस के रूप में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं जनहित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद के प्रेरणादायी जीवन, खेल उपलब्धियों एवं भारतीय हॉकी को विश्व स्तर पर गौरवान्वित करने में उनके अमूल्य योगदान की जानकारी देते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों द्वारा मेजर ध्यानचंद का जन्मदिवस केक काटकर मनाने से हुई। इसके बाद राजीव गांधी स्टेडियम में वुशु एवं हॉकी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के लगभग 250 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान जिला खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र द्वारा मनस्वी अभियान का प्रचार-प्रसार भी किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्टेडियम परिसर में पौधारोपण किया गया।
इस अवसर पर अर्जुन अवार्डी संदीप मान, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष मलकीत मान, खेल प्रशिक्षक इकबाल सिंह, दर्शन सिंह संधू, सुशील, देवेन्द्र पूनियां, हेमन्त कुमार, खेतपाल बिश्नोई, शंकर नरूका, अभयजीत, जसविन्द्र सिंह, राजीव, ओमप्रकाश सैन, सरोज सैन, दारा सिंह, उग्रसेन नैण, हरवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


