कल्पना महला ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम
टिब्बी के गांव बेहरवाला कलां की बेटी कल्पना महला ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम
एक्रोबेटिक जिम्नास्टिक में रजत पदक जीतकर बढ़ाया क्षेत्र का गौरव
टिब्बी। उपखंड टिब्बी के गांव बेहरवाला कलां की बेटी कल्पना महला ने मैसूर, कर्नाटक में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की एक्रोबेटिक ओपन जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। कल्पना ने अपनी बेहतरीन कलाबाजी, कौशल और दमदार प्रदर्शन के दम पर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
कल्पना वर्तमान में वीर तेजा महिला शिक्षण एवं शोध संस्थान, तेजास्थली, मूंडवा (नागौर) में अध्ययनरत हैं। इससे पूर्व भी वह राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कई पदक अपने नाम कर चुकी हैं। निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
किसान परिवार से आने वाली कल्पना के पिता हरपाल महला किसान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद कल्पना ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाई है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ गांव बेहरवाला और पूरे टिब्बी क्षेत्र में गर्व एवं खुशी का माहौल है।
क्षेत्रवासियों, शिक्षकों एवं खेलप्रेमियों ने कल्पना महला को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कल्पना की सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायी है और कल्पना ने संदेश दिया कि मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के बल पर बेटियां हर क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा सकती हैं।
