News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

विकसित भारत-जन सेवा अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक)

विकसित भारत-जन सेवा अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक)

17 सितंबर से शुरू होगा विकसित भारत-जन सेवा अभियान

जनसेवा, सामाजिक सरोकार और सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने के साथ एक माह तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

हनुमानगढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक एक महीने विकसित भारत-जन सेवा अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करना, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत-विकसित राजस्थान के लक्ष्य में आमजन, किसानों, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है। अभियान की तैयारियों को लेकर जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुश्री श्रद्धा गोमे ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की।

17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया और रक्तदान शिविर

सीईओ सुश्री श्रद्धा गोमे ने बताया कि 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके तहत शाम 7 बजे सभी परिवार, विशेष रूप से योजनाओं से लाभान्वित परिवार, अपने घरों पर दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। नोडल विभाग एवं संबंधित विभागों की ओर से लाभार्थियों के घरों तथा गांवों और शहरों के प्रमुख स्थानों पर भी दीप प्रज्ज्वलित कर सामूहिक मंगल कामना की जाएगी। इसी दिन रक्तदान शिविर भी आयोजित होगा, जिसके लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।

विद्यालयों में होंगे चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक मेरे सपनों का भारत-चित्रसेवा कार्यक्रम के तहत सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों में विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान विषय पर चित्रकला, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 18 से 25 सितंबर तक ग्रामीण क्षेत्रों में तथा 22 सितंबर से 17 अक्टूबर तक शहरी क्षेत्रों में नमो सेवा अनकही कहानियां कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत पंचायती राज विभाग एवं स्थानीय निकाय विभाग द्वारा गांवों और शहरी वार्डों में सेवा एवं जनकल्याण से जुड़ी प्रेरणादायी गतिविधियों की वीडियो सामग्री वीडियोवॉल, ई-मित्र प्लस सहित अन्य माध्यमों से प्रदर्शित की जाएगी।

आंगन मिलन से लेकर सेवा की कहानी तक होंगे कार्यक्रम

25 से 27 सितंबर तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशाओं का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा की कहानी कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों एवं परिवारों की रील, वीडियो और फोटो तैयार करवाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित की जाएंगी।

सेवा ज्योति कलश यात्रा और स्वच्छता कार्यक्रम

7 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। स्कूली विद्यार्थी विकसित भारत के संकल्प से संबंधित स्लोगन, पोस्टर और बैनर के साथ रैली निकालेंगे। वहीं 2 अक्टूबर को सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत गांव, ग्राम पंचायत, नगरीय वार्ड और जिला स्तर पर जनभागीदारी से स्वच्छता एवं सामुदायिक सेवा के कार्यक्रम आयोजित होंगे। सेवा सेतु अभियान के तहत 19 से 25 सितंबर तक ग्रामीण क्षेत्रों में तथा 18 सितंबर से 16 अक्टूबर तक शहरी क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों की पहचान एवं उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

नवाचार में युवाओं की भागीदारी को मिलेगा प्रोत्साहन

24 सितंबर से 11 अक्टूबर तक सेवा के रंग-राष्ट्र के संग कार्यक्रम के तहत सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं राष्ट्रीय प्रतीकों से संबंधित रंगोलियों का प्रदर्शन किया जाएगा। 1 से 15 अक्टूबर तक सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के तहत क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान में युवाओं की भागीदारी और नवाचारों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके साथ ही जिला स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं आमजन के साथ सुशासन सेवा संवाद भी आयोजित किए जाएंगे।

सभी विभाग समन्वय से करें कार्य

सीईओ सुश्री श्रद्धा गोमे ने सभी विभागों को अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, एसीईओ श्री सुनील छाबड़ा, जिला रसद अधिकारी श्री सुनील घोड़ेला तथा सीडीईओ श्री पन्नालाल कड़ेला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.