स्कूली विद्यार्थी ‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत विषय पर उकेरेंगे चित्र
‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता 17 सितंबर को
हनुमानगढ़। राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिले के समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में ‘सेवा और समर्पण के 25 वर्ष’ तथा विकसित भारत की संकल्पना के प्रति जागरूकता एवं सकारात्मक सोच विकसित करना है।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला ने बताया कि विद्यालय स्तर पर चित्रकला प्रतियोगिता 17 सितंबर 2026 को आयोजित होगी तथा अधिकाधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक विद्यालय से चयनित श्रेष्ठ तीन चित्र 22 सितंबर तक संबंधित मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को भेजे जाएंगे।
इसके बाद 24 सितंबर को ब्लॉक स्तरीय समिति द्वारा श्रेष्ठ तीन चित्रों का चयन कर जिला स्तर पर भेजा जाएगा। 28 सितंबर को जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। जिला स्तर से चयनित श्रेष्ठ चित्रों में से एक चित्र 1 अक्टूबर 2026 को राज्य स्तर के लिए सुरक्षित भिजवाया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों को प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा विद्यार्थियों को अधिकाधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्धारित समयावधि में आवश्यक रिपोर्ट एवं सूचना प्रेषित करना सुनिश्चित करने को कहा गया है।

