नगर निकाय चुनाव 2026
नगरपालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश
21 सितंबर को अध्यक्ष और 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद का होगा निर्वाचन
टिब्बी। नगरपालिका निर्वाचन क्षेत्र टिब्बी में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुगम रूप से संपन्न कराने के लिए उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी श्री बाबूलाल रैगर ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशानुसार नगरपालिका अध्यक्ष पद का निर्वाचन 21 सितंबर 2026 तथा उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन 22 सितंबर 2026 को नगरपालिका टिब्बी प्रशासन कार्यालय में निर्धारित है। निर्वाचन के दौरान कार्यालय के आसपास कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्बाध यातायात संचालन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी।
थाना टिब्बी के थानाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि दोनों निर्वाचन दिवसों पर नगरपालिका कार्यालय के चारों ओर 200 मीटर की परिधि में पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करना सुनिश्चित करें। साथ ही अनधिकृत वाहनों के प्रवेश को रोकने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका टिब्बी को कार्यालय के आसपास स्थित दुकानदारों से समन्वय स्थापित कर निर्वाचन के दौरान दुकानों के आगे अनावश्यक रूप से वाहन खड़े नहीं होने देने तथा मुख्य बाजार में यातायात एवं आवागमन सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता अनुसार बैरिकेडिंग एवं वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं।
