नगर निकाय चुनाव 2026
नगर निकाय अध्यक्ष पद के लिए 18 अभ्यर्थी मैदान में
नाम वापसी के बाद तस्वीर साफ, 21 सितंबर को होगा अध्यक्ष पद का निर्वाचन
हनुमानगढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले की आठों नगर निकायों में अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए शुक्रवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम रूप से 18 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रह गए हैं। अब इन अभ्यर्थियों के बीच अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन होगा।
जिले के आठ नगर निकायों में रावतसर व भादरा से 2-2, हनुमानगढ़ व संगरिया से 3-3 तथा टिब्बी, पीलीबंगा, गोलूवाला और नोहर से 2-2 अभ्यर्थी अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं। निर्वाचन के लिए अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए हैं।
21 सितंबर को होगा मतदान
अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 21 सितंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। नाम वापसी के बाद सभी नगर निकायों में अध्यक्ष पद के निर्वाचन की तस्वीर अब स्पष्ट हो गई है। जिले के सभी आठों नगर निकायों में निर्वाचित पार्षद अध्यक्ष पद के लिए होने वाले मतदान में हिस्सा लेंगे।
आठों नगर निकायों में 18 अभ्यर्थी चुनाव के रण में
रावतसर में नीलम सहारण व चांद बतरा, भादरा में मांगीलाल व नरेंद्र, हनुमानगढ़ में मंजू, विनीता व सुशीला, संगरिया में सुमन रानी, रोशनी देवी व तेजिन्द्र कौर, टिब्बी में भोला सिंह बाजीगर व देवी लाल, पीलीबंगा में पुरुषोत्तम दास व अरविंद कुमार, गोलूवाला में ताराचंद व भोलाराम तथा नोहर में सुमित व खातून अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में हैं।
