नगर निकाय आम चुनाव-2026
नगर निकाय आम चुनाव-2026: मतदान केंद्रों की अंतिम सूची जारी, जिले के 3.23 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
8 नगरीय निकायों के 290 वार्डों के लिए 369 मतदान केंद्र स्थापित, चुनाव चिन्हों का हुआ आवंटन
प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर तथा द्वितीय चरण का मतदान 11 सितंबर को, मतगणना 14 सितंबर को होगी
हनुमानगढ़। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार नगर निकाय आम चुनाव-2026 के लिए जिले की आठों नगरीय निकायों में मतदान केंद्रों की अंतिम सूची शुक्रवार को प्रकाशित कर दी गई। अंतिम सूची के अनुसार जिले के 290 वार्डों के लिए कुल 369 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां कुल 3,23,427 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शुक्रवार को सभी नगरीय निकायों में अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्हों का भी आवंटन कर दिया गया।
नगरीय निकायवार मतदान केंद्र एवं मतदाताओं की संख्या
उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) श्री उम्मेदी लाल मीना ने बताया कि नगर परिषद हनुमानगढ़ के 60 वार्डों के लिए 133 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,34,264 मतदाता मतदान करेंगे। नगर पालिका भादरा के 40 वार्डों के लिए 40 मुख्य एवं 1 सहायक सहित 41 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 33,940 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका नोहर के 40 वार्डों के लिए 40 मुख्य एवं 4 सहायक सहित 44 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 41,604 मतदाता पंजीकृत हैं। नगर पालिका संगरिया के 35 वार्डों के लिए 35 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 27,575 मतदाता मतदान करेंगे।
इसी प्रकार नगर पालिका रावतसर के 35 वार्डों के लिए 1 सहायक मतदान केंद्र सहित कुल 36 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 31,676 मतदाता मतदान करेंगे। नगर पालिका पीलीबंगा के 35 वार्डों के लिए 35 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 30,811 मतदाता मतदान करेंगे। नगर पालिका गोलूवाला के 25 वार्डों के लिए 25 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 13,200 मतदाता मतदान करेंगे। नगर पालिका टिब्बी के 20 वार्डों के लिए 20 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 10,357 मतदाता मतदान करेंगे।
1086 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जिले की आठों नगरीय निकायों के 290 वार्डों में सदस्य पद के लिए कुल 1086 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को सभी अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं।
दो चरणों में होगा मतदान
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में नगर पालिका नोहर, भादरा, संगरिया, टिब्बी एवं रावतसर में 9 सितंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। द्वितीय चरण में नगर परिषद हनुमानगढ़ तथा नगर पालिका गोलूवाला एवं पीलीबंगा में 11 सितंबर 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर, 2026 को संपन्न कराई जाएगी।
