नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत समीक्षा
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 : चुनाव तैयारियों की समीक्षा, जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
हनुमानगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न प्रकोष्ठों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध एवं त्रुटिरहित तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कानून-व्यवस्था एवं मतदान संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए डॉ. यादव ने अवैध शराब की बिक्री तथा निर्धारित समय के बाद शराब वितरण पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ सेक्टर अधिकारियों, मतदान दलों एवं पुलिस बल के लिए वाहनों की समुचित व्यवस्था तथा वाहन चालकों के ठहरने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। साथ ही दिव्यांग मतदाताओं के लिए सभी मतदान केन्द्रों पर व्हीलचेयर, स्वयंसेवकों एवं रैम्प की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी को मतदान दलों के लिए ईवीएम मशीनों से संबंधित त्रुटियों के समाधान हेतु उपयोगी मैनुअल तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को कार्मिकों के पहचान पत्र डीओआईटी पोर्टल के माध्यम से समय पर तैयार कराने, निर्वाचन व्यय की सीमा एवं दर सूची का समाचार पत्रों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा निर्वाचन स्टोर प्रभारी को मतदान दलों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के लिए सामग्री बैग तैयार कर उनकी रैंडम जांच करने, कोषाधिकारी को मतपत्रों की प्रूफ रीडिंग तथा भुगतान प्रकोष्ठ को अधिकतम ऑनलाइन भुगतान प्रक्रिया अपनाने के निर्देश प्रदान किए।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद को आदर्श आचार संहिता, मतदाता सूची एवं निर्वाचन संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन से जुड़ा प्रत्येक कार्य आपसी समन्वय, जवाबदेही और पूर्ण सतर्कता के साथ संपादित किया जाए, ताकि जिले में चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेदीलाल मीणा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद सुश्री श्रद्धा गोमे, कोषाधिकारी श्रीमती नीतू चुघ, महाप्रबंधक श्रीमती आकाशदीप सिद्धू, श्रीमती ममता बिश्नोई, एसीईओ श्री सुनील छाबड़ा, श्री सुनील घोड़ेला, श्री विक्रम शेखावत सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के अधिकारी उपस्थित रहे।

