नगरीय निकाय चुनाव 2026
नगरीय निकाय चुनाव नामांकन पत्रों की संवीक्षा
जिले में 380 नामांकन पत्र अस्वीकृत, 1485 नामांकन पत्र पाए गए वैध, 1355 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित
हनुमानगढ़। नगरीय निकाय चुनाव के तहत जिले के 8 नगरीय निकायों के 290 वार्डों में पार्षद पद के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की संवीक्षा की प्रक्रिया मंगलवार को सम्पन्न हो गई है। संवीक्षा के बाद कुल 1865 नामांकन पत्रों में से 380 नामांकन पत्र अस्वीकृत किए गए जबकि 1485 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। इसके आधार पर कुल 1355 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) श्री उम्मेदी लाल मीना ने बताया कि हनुमानगढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए दाखिल 379 नामांकन पत्रों में से 50 नामांकन पत्र अस्वीकृत तथा 329 वैध पाए गए हैं और 313 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए हैं।
संगरिया नगर पालिका में 172 नामांकन पत्रों में से 13 निरस्त तथा 159 वैध पाए गए। इसके आधार पर 139 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए। टिब्बी नगर पालिका में 129 नामांकन पत्रों में से 37 निरस्त तथा 92 वैध पाए गए। इसके आधार पर 92 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए।
उन्होंने बताया कि रावतसर नगर पालिका में 325 नामांकन पत्रों में से 88 निरस्त तथा 237 वैध पाए गए। इसके आधार पर 204 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए। भादरा नगर पालिका में 263 नामांकन पत्रों में से 44 निरस्त तथा 219 वैध पाए गए। इसके आधार पर 203 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए। नोहर नगर पालिका में 163 नामांकन पत्रों में से 27 निरस्त तथा 136 वैध पाए गए। इसके आधार पर 131 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए।
गोलूवाला नगर पालिका में 150 नामांकन पत्रों में से 34 निरस्त तथा 116 वैध पाए गए। इसके आधार पर 106 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए। पीलीबंगा नगर पालिका में 284 नामांकन पत्रों में से 87 निरस्त तथा 197 वैध पाए गए। इसके आधार पर 167 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार वैध रूप से नामांकित अभ्यर्थी 3 सितंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे तक अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे। इसके पश्चात 4 सितंबर को चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जाएगा। अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रहने वाले अभ्यर्थियों की संख्या अभ्यर्थिता वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में नगर पालिका नोहर, भादरा, संगरिया, टिब्बी एवं रावतसर में 9 सितंबर को मतदान होगा, जबकि द्वितीय चरण में नगर परिषद हनुमानगढ़ तथा नगर पालिका गोलूवाला एवं पीलीबंगा में 11 सितंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को संपन्न होगी।
